66वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बॉक्सिंग एवं एथलेटिक्स में हरियाणा बना चैंपियन | 12 Jun 2023

चर्चा में क्यों

9 जून, 2023 को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा भोपाल में आयोजित 66वें राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में एथलेटिक्स एवं बॉक्सिंग की प्रथम चरण की प्रतियोगिता का समापन हुआ, जिसमें हरियाणा ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के मिलाकर 9 स्वर्ण, 7 रजत एवं 4 काँस्य पदक के साथ कुल 20 पदकों के साथ यह चैंपियनशिप जीती।

प्रमुख बिंदु 

  • इस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश कुल 13 पदकों के साथ द्वितीय स्थान पर एवं महाराष्ट्र कुल 11 पदकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। 
  • बालिका वर्ग की पदक तालिका में महाराष्ट्र प्रथम, पश्चिम बंगाल द्वितीय एवं हरियाणा तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालक वर्ग में हरियाणा प्रथम, उत्तर प्रदेश द्वितीय एवं केरल तृतीय स्थान में रहे। 
  • तृतीय दिवस एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतर्गत क्रॉस कंट्री दौड़ बालक वर्ग में हरियाणा के बलजीत सिंह ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 
  • वहीं, भाला फेंक प्रतियोगिता बालक वर्ग में राज्य के यश ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। बालिका वर्ग में दीपिका ने स्वर्ण पदक तथा सपना ने रजत पदक जीता। 
  • लंबी कूद बालक वर्ग में राज्य के दीपक कुमार ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में राज्य के सुनील कुमार ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं, 4400 रिले दौड़ में बालिका वर्ग में हरियाणा द्वितीय स्थान पर रहा। 
  • बॉक्सिंग में 52 किलो वजन वर्ग में राज्य के मोहित एवं श्लोकी नेगी ने काँस्य पदक प्राप्त किया। वहीं, 60 किलो वजन वर्ग में पंकज कुमार ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 
  • 64 किलो वजन श्रेणी में राज्य के मोहित खरब ने रजत पदक एवं संकल्प लवानिया व लवजीत सिंह संयुक्त रूप से काँस्य पदक प्राप्त किया। वहीं, 81 किलो वजन वर्ग में क्रश ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 
  • इसके अलावा बालिका वर्ग में 45 किलो वजन वर्ग में राज्य की अंजलि ने रजत एवं रवीना व अदिति नेगी ने संयुक्त रूप से काँस्य पदक प्राप्त किया। वहीं, 48 किलो वजन वर्ग में कशिश मेहता ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 
  • 51 किलो वजन वर्ग बालिका वर्ग में राज्य की मीनाक्षी ने स्वर्ण, 54 किलो वजन वर्ग में तनु ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं, 75 किलो वजन वर्ग में राज्य की ऋतु ने काँस्य पदक प्राप्त किया। 
  • विदित है कि 66वी राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के प्रथम चरण के एथलेटिक्स एवं बॉक्सिंग के मुकाबले संपन्न हो गए हैं। आगे अब बैडमिंटन, टेबल टेनिस एवं फुटबॉल के मुकाबले टीटी नगर स्टेडियम एवं भोपाल के विभिन्न खेल मैदानों पर आयोजित होंगे।