गुमला की चार महिला फुटबॉल खिलाड़ी इंडिया कैंप के लिये चयनित | 07 Jul 2023

चर्चा में क्यों?

5 जुलाई, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार एशियन फुटबॉल चैंपियनशिप (एशिया कप) 2023 के तहत इंदौर में संचालित इंडिया कैंप के लिये झारखंड के गुमला ज़िले के आवासीय फुटबॉल बालिका प्रशिक्षण केंद्र इंडोर स्टेडियम से चार महिला फुटबॉलरों का चयन हुआ है।

प्रमुख बिंदु 

  • चयनित बालिका खिलाड़ियों में शिवानी टोप्पो, विकसित बाड़ा, सेलिना डांग व अनिता डुंगडुंग शामिल हैं।
  • ज़िला खेल पदाधिकारी कुमारी हेमलता बून ने बताया कि कैंप में चारों खिलाड़ी दो माह तक फुटबॉल का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। चारों खिलाड़ियों ने अपने खेल प्रतिभा के दम पर कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिये अपनी जगह बनाई है। कैंप में खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन रहा तो उनका चयन एशिया कप के लिये भी हो सकता है।
  • उन्होंने कहा कि खेल नगरी के नाम से विख्यात गुमला ज़िला में खिलाड़ियों की भरमार है। यहाँ के खिलाड़ी काफी प्रतिभावान हैं, जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक गुमला की पहचान बना चुके हैं।