‘पद्म’ विजेताओं व अन्य विभूतियों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यपाल | 01 May 2023

चर्चा में क्यों?

30 अप्रैल 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 100वें एपिसोड प्रसारण कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, प्रदेश के ​पद्म ​पुरस्कार से सम्मानित और मन की बात में उल्लेखित विभूतियों एवं आमंत्रित गणमान्य अतिथियों के साथ राजभवन में शामिल हुए। मन की बात कार्यक्रम का विशेष आयोजन राजभवन के विशाल सभागार सांदीपनि में किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मन की बात कार्यक्रम के बाद राजभवन आए प्रदेश के ​पद्म​ पुरस्कार से सम्मानितों को स्मृति-चिह्न भेंट किये। ​पद्म​ पुरस्कार से सम्मानित विजय दत्त श्रीधर, डॉ. जनक पलटा, शांति परमार, रमेश परमार, भूरी बाई और कैलाश मड़बैया शामिल थे।
  • वहीं राज्यपाल ने मन की बात में मध्य प्रदेश के उल्लेखित प्रसंगों से संबद्ध विभूतियों को कार्यक्रम के बाद राजभवन में स्मृति-चिह्न प्रदान किये। इनमें ममता शर्मा, सुभाष जिलोदिया, मास्टर तुषार, आशाराम चौधरी, उषा दुबे, अतुल पाटीदार, बबीता राजपूत, राम लोटन कुशवाह, अर्जुन सिंह, रोहित सिसोदिया, रजनीश, फील्ड डायरेक्टर पेंच टाइगर रिज़र्व, ज्ञानेंद्र पुरोहित, मोनिका पुरोहित, गीता, प्रशांत धावले, भावना डहेरिया, और मंजू मंडलोई शामिल रहे।
  • राज्यपाल ने कार्यक्रम के बाद सांदीपनि सभागार में केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी आज़ादी के अमृत महोत्सव, नया भारत बदलता भारत तथा प्रधानमंत्री की मन की बात में मध्य प्रदेश के उल्लेखित प्रसंगों की विभूतियों की उपलब्धियों पर केंद्रित है।
  • ​​उल्लेखनीय है कि मन की बात कार्यक्रम का प्रथम एपिसोड का प्रसारण 3 अक्टूबर, 2014 को हुआ था​।