राज्यपाल ने ‘संविधान को पढ़ो और जिओ’अभियान की शुरुआत की | 04 Aug 2023

चर्चा में क्यों?

2 अगस्त, 2023 को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में संस्कृति युवा संस्था के ‘संविधान को पढ़ो और जिओ’अभियान की शुरुआत की। 

प्रमुख बिंदु  

  • राज्यपाल कलराज मिश्र ने संस्कृति युवा संस्था द्वारा दो लाख की संख्या में मुद्रित ‘संविधान की उद्देशिका और मूल कर्त्तव्य’संदेश का लोकार्पण भी किया। 
  • उन्होंने बताया कि राजभवन में संविधान उद्यान निर्माण के पीछे मंशा यही रही है कि संविधान की मूल प्रति और इसकी धाराओं को सहज, सरल ढंग में प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति शांतिनिकेतन के सुप्रसिद्ध कलाकार नंदलाल बोस और उनके साथी कलाकारों ने तैयार की। इसमें राजस्थान के स्व. कृपाल सिंह शेखावत का भी महती योगदान रहा।  
  • संस्कृति युवा संस्था के पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि संविधान की उद्देशिका और मूल कर्त्तव्यों की पालना की सीख के लिये संविधान जागरूकता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत दो लाख प्रतियों में राज्यपाल के संदेश के साथ संविधान की उद्देशिका और मूल कर्त्तव्यों का प्रकाशन किया गया है। इसे ‘संविधान को पढ़ो और जिओ’अभियान के रूप में घर-घर जाकर प्रसारित किया जाएगा।