मध्य प्रदेश: एक दिन में सर्वाधिक टीके लगाने वाला देश का पहला राज्य | 26 Aug 2021

चर्चा में क्यों?

25 से 26 अगस्त, 2021 तक मध्य प्रदेश में सभी ज़िलों में चलने वाले एक साथ टीकाकरण महाअभियान-2 के पहले दिन प्रदेश 23 लाख 86 हज़ार व्यक्तियों को वैक्सीन की डोज लगाकर एक दिन में सर्वाधिक वैक्सीनेशन करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

प्रमुख बिंदु

  • ज्ञातव्य है कि 21 जून, 2021 को टीकाकरण महाअभियान-1 में मध्य प्रदेश में 18 लाख से अधिक वैक्सीन डोज दी गई थीं।
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जवाहर चौक भोपाल स्थित जैन मंदिर में बनाए गए केंद्र में टीकाकरण महा-अभियान-2 का शुभारंभ किया।
  • टीकाकरण महा-अभियान-2 के पहले दिन 21 लाख 30 हज़ार लोगों को वैक्सीनेट करने का लक्ष्य रखा गया था। निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिये प्रदेश के 52 ज़िलों में 8 हज़ार से अधिक टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे। निर्धारित लक्ष्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक की उपलब्धि हासिल कर मध्य प्रदेश ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा।
  • टीकाकरण महा-अभियान में लक्षित समूह को वैक्सीन लगाने की सभी केंद्रों पर माकूल व्यवस्थाएँ की गई हैं। इसके साथ ही विशेष रूप से बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिये स्थानीय प्रशासन द्वारा केंद्र पर लाने और ले जाने हेतु वाहन की व्यवस्था भी की गई।
  • कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को रोकने के लिये प्रदेश में बनाई गई ज़िला, ब्लॉक एवं ग्राम और वार्डस्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों के सदस्यों ने भी महा-अभियान-2 में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति के सदस्यों ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता का काम करते हुए टीकाकरण केंद्रों पर प्रेरक की भूमिका का निर्वहन भी किया।
  • महा-अभियान-2 के पहले दिन प्रदेश में सबसे अधिक वैक्सीन शिवपुरी ज़िले में लगाई गई। दूसरे स्थान पर मंदसौर और तीसरे स्थान पर सिवनी रहा।