‘चंबल-धौलपुर-भरतपुर बृहद् पेयजल परियोजना’ के सर्वे एवं डीपीआर कार्यों के लिये मिली वित्तीय स्वीकृति | 20 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

19 अक्टूबर, 2022 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘चंबल-धौलपुर-भरतपुर बृहद् पेयजल परियोजना’ के तहत भरतपुर एवं धौलपुर ज़िलों में सर्वे एवं डीपीआर कार्यों के लिये राज्य मद से 7.20 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री गहलोत की इस स्वीकृति से परियोजना के सर्वे एवं डीपीआर कार्यों को गति मिलेगी तथा परियोजना के समयबद्ध रूप से पूर्ण होने पर भरतपुर एवं धौलपुर दोनों ज़िलों में घरेलू नल कनेक्शन के कार्य भी पूर्ण हो सकेंगें।
  • ‘चंबल-धौलपुर-भरतपुर बृहद् पेयजल परियोजना’ के पूर्ण होने पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या से निजात मिलेगी। इसके अलावा, सिंचाई के लिये भी पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा।
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट 2022-23 में पेयजल की सुचारु उपलब्धता के लिये 3 हज़ार 106 करोड़ रुपए की ‘चंबल-धौलपुर-भरतपुर बृहद् पेयजल परियोजना’ की घोषणा की थी।
  • विदित है कि राज्य सरकार द्वारा 14 सितंबर, 2022 को उक्त परियोजना के प्रथम फेज हेतु वित्तीय स्वीकृति जारी की गई थी।