कचरा प्रबंधन में दुर्ग निगम को मिला देश में प्रथम स्थान | 17 Nov 2022

चर्चा में क्यों?

16 नवबंर, 2022 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम ने कचरे के बेहतर प्रबंधन में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, इसके लिये नगर निगम को सीआईआई थ्रीआर अवार्ड-2022 से नवाजा गया है।

प्रमुख बिंदु

  • सीआईआई थ्रीआर अवार्ड 30 नवबंर को दिल्ली में प्रदान किया जाएगा।
  • गौरतलब है कि सीआईआई यानि कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (भारतीय उद्योग परिसंघ) की स्थापना 1895 में हुई। यह भारत की एक गैर सरकारी, गैर लाभ, उद्योग नेतृत्व तथा उद्योग प्रबंधित संगठन है। यह भारत की औद्योगिक विकास प्रक्रिया में एक भूमिका निभाता है।
  • दुर्ग निगम को यह पुरस्कार शहर में उत्पादित कचरे के बेहतर प्रबंधन, पुनर्चक्रण व निष्पादन के क्षेत्र में मिला है।
  • उल्लेखनीय है कि नगर निगम 3 आर-रिड्यूज, रिसाइकिल व रियूज के सिद्धांत के तहत सॉलिड वेस्ट मेजेनमेंट में बेहतर कार्य कर रहा है।
  • इस नगर निगम में घरों में ही डोर टू डोर कचरा संग्रहण के माध्यम से गीला व सूखा कचरा अलग-अलग किया जाता है।
  • विदित है कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये छत्तीसगढ़ के अलावा पूरे भारत के नगर निगम, नगरपालिका, नगर पंचायतों ने हिस्सा लिया था।