प्रदेश में 1,600 मेगावाट की अनपरा ई का जल्द निर्माण होगा शुरू | 21 Nov 2023

चर्चा में क्यों?

20 नवंबर, 2023 को उत्तर प्रदेश राज्य उत्पादन निगम बोर्ड की बैठक में प्रदेश में 1,600 मेगावाट की नई उत्पादन इकाई अनपरा ई के निर्माण के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया गया है। अब इसे शासन को भेजा जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • अनपरा ई इकाई के निर्माण में लगभग 18,624 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसे एनटीपीसी और उत्पादन निगम लिमिटेड के संयुक्त उपक्रम मेजा उत्पादन निगम लिमिटेड के तहत स्थापित किया जाएगा।
  • विदित हो कि अभी तक अनपरा में चार इकाइयाँ हैं। इनमें से तीन इकाइयाँ उत्पादन निगम की हैं, जिसकी क्षमता 2630 मेगावाट है। वहीं 1200 मेगावाट की एक इकाई लेंको कंपनी की है।
  • पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बताया कि ओवरा सी की 660-660 मेगावाट और जवाहरपुर की 660-660 मेगावाट की नई इकाइयाँ हैं। इन दोनों जगह एक-एक इकाइयों में जल्द ही विद्युत उत्पादन शुरू हो जाएगा। वहीं दोनों जगह की एक-एक इकाइयाँ निर्माणाधीन हैं। इसी तरह पनकी की 660 मेगावाट की एक इकाई भी गर्मी के दिन में बिजली उत्पादन करने लगेगी।