मुख्यमंत्री ने गांधी स्टेडियम में नवनिर्मित मल्टीपरपज इंडोर हॉल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सहित विभिन्न कार्यों का किया लोकार्पण तथा शिलान्यास | 10 Jul 2023

चर्चा में क्यों?

8 जुलाई, 2023 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महात्मा गांधी स्टेडियम के अंतर्गत स्थित खेलो इंडिया मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम हॉल सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास, भूमि पूजन और लोकार्पण किया। 

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री ने यहाँ 4 करोड़ 37 लाख 64 हज़ार रुपए की लागत से निर्मित इस सर्वसुविधायुक्त मल्टीपरपज इंडोर हॉल का लोकार्पण किया। यहाँ खिलाड़ियों हेतु 04 बैडमिंटन कोर्ट, 03 टेबल टेनिस, बास्केट बॉल एवं बॉलीबॉल कोर्ट की सुविधा है।  
  • मल्टीपरपज इंडोर हॉल में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों हेतु पृथक्-पृथक् चेंजिंग रूम, वॉशरूम, क्लॉक रूम, खेल उपकरण कक्ष, प्रथम तल में सीटिंग एरिया उपलब्ध है। यहाँ भविष्य हेतु स्क्वैश कोर्ट, शूटिंग रेंज इत्यादि की भी योजना है। 
  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केशवपुर, सोहगा, राजापुर, बिलासपुर तथा निम्हा में 6 करोड़ 86 लाख 11 हज़ार की लागत से निर्मित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों का लोकार्पण किया। वहीं 5 करोड़ 39 लाख 47 हज़ार रुपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।