मुख्यमंत्री ने उत्तराखंडी फीचर फिल्म ‘पहाड़ी रत्न श्रीदेव सुमन’ का प्रोमो तथा पोस्टर का विमोचन किया | 27 Jul 2023

चर्चा में क्यों? 

25 जुलाई, 2023 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में उत्तराखंडी फीचर फिल्म ‘पहाड़ी रत्न श्रीदेव सुमन’ का प्रोमो तथा पोस्टर का विमोचन किया।  

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महान क्रांतिकारी श्रीदेव सुमन की पुण्य तिथि पर उनका स्मरण करते हुए कहा कि लोग श्रीदेव सुमन के जीवन एवं कार्यों पर आधारित इस फिल्म के माध्यम से श्रीदेव सुमन को अनुभव करेंगे।  
  • श्रीदेव सुमन ने हमेशा अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाई और तानाशाही के खिलाफ जनआंदोलन चलाए। अनेक अमानवीय यातनाओं को झेला, लेकिन सच्चाई के मार्ग से विचलित नहीं हुए।  
  • श्रीदेव सुमन केवल एक जननायक ही नहीं थे बल्कि उनके भीतर एक अटल देशभक्ति थी। वे एक क्रांतिकारी, बुद्धिजीवी, रचनाकार, पत्रकार एवं दूरदृष्टि की सोच रखने वाले महापुरुष थे।  
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारत में अंग्रेजों के विरुद्ध आंदोलन चल रहा था तभी एक आंदोलन टिहरी प्रजामंडल के द्वारा चलाया जा रहा था, जिसका नेतृत्व श्रीदेव सुमन कर रहे थे। इस लड़ाई को लड़ते-लड़ते उन्होंने कई बार शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किये, बहुत प्रताड़ना सहनी पड़ी, कई बार आमरण अनशन भी किया।  
  • उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में बढ़-चढ़ कर भाग लिया और वर्षों तक जेल में रहे, जेल में उनके ऊपर अनेक अमानवीय अत्याचार हुये। इसके बावजूद भी उनका संघर्ष जारी रहा। 
  • उन्होंने 3 मई, 1944 को अपना ऐतिहासिक अनशन शुरू किया और 25 जुलाई, 1944 के शाम को उन्होंने प्राणोत्सर्ग कर दिया।