मुख्यमंत्री ने भोपाल मेट्रो रेल के ट्रायल रन का किया शुभारंभ | 04 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

  • 3 अक्तूबर, 2023 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल मेट्रो रेल के ट्रायल रन का सुभाष नगर डिपो से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में मेट्रो आरंभ होने से परिवहन की नई क्रांति आएगी और विकास पथ पर भोपाल तीव्रगति से दौड़ेगा। भोपाल मेट्रो का विस्तार सीहोर, मंडीदीप के साथ-साथ रायसेन और विदिशा तक भी किया जाएगा।
  • सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक के पाँच किमी. लंबे मेट्रो के भाग में 5 स्टेशन हैं, जिनकी आधारभूत संरचनाओं का काम प्राकृतिक बाधाओं के बावजूद बहुत तेज़ी से पूरा किया गया।
  • मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मेट्रो ट्रेन से समय और पैसा दोनों की बचत होगी। भोपालवासियों को सुरक्षित-सुगम-सुविधापूर्ण सस्ता और सुंदर परिवहन का साधन उपलब्ध होगा और शहर का प्रदूषण भी कम होगा।
  • अत्याधुनिक सुविधाओं से संपन्न मेट्रो के कोच में स्मार्ट लाईटिंग, एयर कडिंशन्स, स्मार्ट डिस्प्ले, एआई सी.सी.टी.वी. कैमरे आदि की सुविधा होगी।
  • लगभग 6 हज़ार 941 करोड़ रुपए की भोपाल मेट्रो परियोजना की कुल लंबाई 31 किमी. होगी, करोंद चौराहे से एम्स तक 16.77 किमी., रत्नागिरि तिराहे से भदभदा चौराहे तक 14.18 किमी. पर यह रेल चलेगी।
  • पहले चरण में सुभाष नगर एम्स तक 7 किमी. लंबे रूट पर मेट्रो ट्रेन का संचालन होगा। भोपाल मेट्रो का संपूर्ण संचालन 2024 से प्रारंभ हो जाएगा।
  • मेट्रो रेल के स्टेशन भी विशेष होंगे, जहाँ पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर आदि की सुविधा, बुजुर्गों के लिये विशेष व्यवस्था और ऑनलाइन टिकिटिंग की सुविधा होगी।