मुख्यमंत्री ने किया हाथीबड़कला में श्री अन्न महोत्सव 2023 का शुभारंभ | 15 May 2023

चर्चा में क्यों?

13 मई, 2023 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून ज़िले के हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में श्री अन्न महोत्सव 2023 का शुभारंभ किया।  

प्रमुख बिंदु  

  • चार दिन तक चलने वाले श्री अन्न महोत्सव में प्रदेशभर से हज़ारों किसान प्रतिभाग कर रहे हैं।  
  • मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मिलेट्स पर आधारित विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया एवं कृषि विभाग उत्तराखंड की पौष्टिक फसलों पर आधारित पुस्तक ‘स्वाद के साथ स्वास्थ्य’ का विमोचन किया।  
  • यह आयोजन ‘श्री अन्न’को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। इस तरह के आयोजनों से न केवल मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे किसानों को भी मोटे अनाजों से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त होंगी। 
  • उल्लेखनीय है कि देश में वर्ष 2023 को ‘मिलेट्स ईयर’के रूप में मनाया जा रहा है तथा भारत के प्रस्ताव पर ही ‘संयुत्त राष्ट्र संघ’ने 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष घोषित किया है।  
  • उत्तराखंड राज्य सरकार प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्र में मिलेट की खेती को प्रोत्साहित करने के लिये सरकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को प्रोत्साहित करने और रोज़गार उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।  
  • राज्य के पर्वतीय ज़िलों के कृषकों से मंडवा, झिंगोरा, चौलाई जैसे मोटे अनाजों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कर रही है साथ ही, किसानों को इसका ऑनलाइन भुगतान भी किया जा रहा है। इससे न सिर्फ किसानों की आय में बढ़ोतरी हो रही है बल्कि मिलेट उत्पादों के उत्पादन हेतु किसान प्रोत्साहित भी हो रहे हैं।  
  • प्रदेश में सरकार द्वारा मिलेट फसलों को प्रोत्साहन तथा आम जनमानस के भोजन में सम्मिलित करने हेतु लगभग 73 करोड़ रुपए की धनराशि स्टेट मिलेट मिशन को दी गई है।  
  • जैविक कृषि के साथ-साथ राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन योजना का क्रियान्वयन प्रदेश के 11 जनपदों में इस वर्ष से आरंभ किया जा रहा है। इसके लिये भारत सरकार द्वारा 6400 हेक्टेयर भूमि पर लगभग 796 लाख के कृषि मिशन कार्यक्रम के संचालन की स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है।  
  • जैविक खेती के क्षेत्र में भी राज्य में अच्छा कार्य करने के लिये उत्तराखंड को लगातार दो साल प्रथम पुरस्कार मिला है।