मुख्यमंत्री ने दी पृथ्वीराज नगर के लिये 747 करोड़ रुपए की पेयजल योजना को स्वीकृति | 17 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

16 अक्टूबर, 2022 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के पृथ्वीराज नगर के लिये पेयजल योजना के फेज-प्रथम (स्टेज द्वितीय) एवं फेज-द्वितीय के कार्यों हेतु 747.08 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की।

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने बताया कि जयपुर के पृथ्वीराज नगर और इसके आस-पास के क्षेत्र को बीसलपुर बांध आधारित पेयजल परियोजना से जोड़ा जा रहा है।
  • पेयजल योजना की वित्तीय स्वीकृति के इस निर्णय से 145 वर्ग कि.मी. क्षेत्रफल में वितरण तंत्र स्थापित किया जाएगा। इसके अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र सांगानेर, विधानसभा क्षेत्र झोटवाड़ा एवं विधानसभा क्षेत्र विद्याधर नगर का आंशिक क्षेत्र सम्मिलत होंगे।
  • इनमें जयपुर नगर निगम ग्रेटर के 10 वार्ड (पूर्ण) तथा 8 वार्ड (आंशिक) हैं। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र बगरू एवं विधानसभा क्षेत्र झोटवाड़ा के कुल 15 ग्राम भी हैं।
  • गौरतलब है कि पहले चरण (फेज-प्रथम, स्टेज-प्रथम) में 563.93 करोड़ रुपए की लागत के कार्य शुरू हैं, जिनमें से लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं।  
  • उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने पृथ्वीराज नगर क्षेत्र और आसपास आबादी क्षेत्र के विस्तार के तहत तथा आने वाले समय में जनता की दूरगामी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिये ‘बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजना’ शुरू की है।