मुख्यमंत्री ने की 10 ज़िलों में 190 कॉलोनियों को नियमित करने की घोषणा | 30 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

26 अक्तूबर, 2023 को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में संस्थागत शहरी विकास की दिशा में बढ़ते हुए 10 ज़िलों की 190 कॉलोनियों को नियमित करने की बड़ी घोषणा की है।  

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इस निर्णय का उद्देश्य इन कॉलोनियों को कानूनी दर्जा देना और व्यापक बुनियादी ढाँचा विकास सुनिश्चित करना है। 
  • मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार इन कॉलोनियों के समग्र विकास के लिये लगभग 1400 करोड़ रुपए आवंटित करेगी।
  • उन्होंने कहा कि नियमित की जा रही 190 कॉलोनियों में से 100 कॉलोनियाँ नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती हैं, शेष 90 शहरी स्थानीय निकायों के दायरे में हैं।
  • इन कॉलोनियों को नियमित करने की घोषणा के साथ ही इस वर्ष कुल 594 कॉलोनियों का सफलतापूर्वक नियमितीकरण किया जा चुका है।
  • उन्होंने कहा कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग द्वारा प्रबंधित कॉलोनियों के भीतर विकास कार्यों की देखरेख हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा की जाएगी।
  • मनोहर लाल ने कहा कि 2014 के बाद से कुल 1673 कॉलोनियों को सफलतापूर्वक नियमित किया गया है, जबकि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में केवल 874 कॉलोनियों को नियमित किया गया था।