प्रदेश के 60 हज़ार से अधिक सरकारी स्कूलों में शुरू होगा ‘चेस इन स्कूल’ कार्यक्रम | 07 Nov 2022

चर्चा में क्यों?

6 नवंबर, 2022 को राजस्थान के शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने बीकानेर में 66वीं ज़िलास्तरीय विद्यालयी खेलकूद के तहत शतरंज प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के दौरान बताया कि प्रदेश में 60 हज़ार से अधिक सरकारी विद्यालयों में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती (19 नवंबर) से ‘चेस इन स्कूल’कार्यक्रम प्रारंभ होगा तथा इसके बाद हर महीने के तीसरे शनिवार को ‘नो बैग डे’के दौरान स्कूलों में शतरंज खेला जाएगा।

प्रमुख बिंदु

  • शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने बताया कि देशभर में पहली बार राजस्थान में यह पहल होने जा रही है, जिसके तहत प्रदेश के 60 हज़ार से अधिक स्कूलों में खेल ग्रांट से चेस बोर्ड एवं अन्य आवश्यक सामग्री खरीदी जाएगी और बच्चों को शतरंज में पारंगत किया जाएगा।
  • उन्होंने बताया कि पहली बार शतरंज को स्कूली खेलों में शामिल किया गया है। इसके बाद शतरंज की ज़िला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ हो रही हैं, जिनमें भागीदारी निभाने वाले बच्चे आने वाले समय में शतरंज की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।
  • स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष महेश शर्मा ने कहा कि शतरंज खेल को प्रोत्साहित करने में ‘चेस इन स्कूल’देश का सबसे बड़ा माध्यम बनेगा। उन्होंने दस और चौदह वर्ष आयु वर्ग में भी यह प्रतियोगिताएँ आयोजित करने की बात कही।
  • प्रतियोगिता समन्वयक सेणुका हर्ष ने बताया कि ज़िलास्तरीय प्रतियोगिता के दौरान 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे चार वर्गों में भागीदारी निभाएंगे। शतरंज की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता भी 14 से 18 नवंबर से बीकानेर के रमेश इंग्लिश स्कूल में होगी। इसमें प्रदेश के 33 ज़िलों की टीमें भागीदारी निभाएंगी।