जन्म-मृत्यु का विवरण अब पोर्टल पर | 07 Aug 2021

चर्चा में क्यों?

हाल ही में बिहार सरकार ने जन्म-मृत्यु का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने का निर्णय लिया है।

प्रमुख बिंदु

  • आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कोरोना काल में मौत के आँकड़े आने में हुई परेशानी के बाद यह निर्णय लिया गया है।
  • आईटी विभाग की ओर से यह पोर्टल तैयार किया जा रहा है और जल्दी ही इस पर जन्म-मृत्यु का ब्योरा अपलोड होने लगेगा। इसके साथ ही बिहार जन्म-मृत्यु के आँकड़े सार्वजनिक करने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।
  • जन्म-मृत्यु का विवरण अपलोड करने की तैयारी नगर विकास विभाग और पंचायती राज विभाग के माध्यम से की जा रही है। आँकड़े अपलोड करने का माध्यम वार्ड पार्षद बनेंगे।
  • शहरी क्षेत्र में वार्ड पार्षद के माध्यम से यह आँकड़ा निगम के कार्यपालक पदाधिकारी के पास आएगा, जिसे वे पोर्टल पर अपलोड कराएंगे, जबकि ग्रामीण इलाकों में ये आँकड़े वार्ड पार्षद के माध्यम से BDO के पास जाएगा, जिसे ज़िला की ओर से पोर्टल पर अपलोड कराया जाएगा।
  • गौरतलब है कि वर्तमान में शहरी क्षेत्रों में नगर विकास तो ग्रामीण क्षेत्रों में योजना विकास विभाग के माध्यम से जन्म-मृत्यु के आँकड़ों को निबंधित किया जा रहा है। पोर्टल के लॉन्च हो जाने के बाद आँकड़े अपलोड करने की ज़िम्मेवारी शहरी क्षेत्र में नगर विकास विभाग और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायती राज विभाग की होगी।