बिहार का विश्व प्रसिद्ध राजगीर मलमास मेला हुआ शुरू | 21 Jul 2023

चर्चा में क्यों?

18 जुलाई, 2023 को बिहार के नालंदा ज़िले के राजगीर में विश्व प्रसिद्ध राजगीर मलमास मेला शुरू हो गया। 1 माह तक चलने वाले मेले के दौरान कई पवित्र स्नान होंगे। पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ संतों और साधुओं की उपस्थिति में मेले की शुरुआत हुई। 

प्रमुख बिंदु  

  • हिंदू धर्म में मान्यता है कि मलमास यानी अधिक मास में 33 करोड़ देवी-देवता राजगीर में प्रवास करते हैं। इस दौरान देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना करने राजगीर पहुँचते हैं और ब्रह्मकुंड में पवित्र स्नान करते हैं। 
  • मलमास मेला का आयोजन तीन साल में किया जाता है। ऐसा माना जाता है कि मलमास के दौरान राजगीर के गर्म जल कुंड में स्नान करने से सभी पाप खत्म हो जाते हैं।  
  • मान्यता है कि लगने वाले मलमास मेला के समय देश में कहीं भी पूजा-पाठ और शादी समारोह और शुभ काम नहीं होता है। मान्यता यह भी है कि मलमास मेले के ध्वजारोहण के समय मंत्र का जप करते समय पीले वस्त्र धारण किये जाते हैं, इससे लाभ प्राप्त होता है।