रायसेन ज़िले में बम्होरी और सुल्तानगंज बनेगी नई तहसीलें | 03 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

2 अक्तूबर, 2023 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में ज़िले के बम्होरी और सुल्तानगंज को तहसील बनाने की घोषणा करते हुए कई अन्य महत्त्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। 

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में लगभग 100 करोड़ रुपए की सेमरी जलाशय नल-जल प्रदाय योजना का शुभारंभ करने के बाद जनसमुदाय को संबोधित करते हुए ये घोषणाएँ कीं। 
  • मुख्यमंत्री ने रायसेन ज़िले के बेगमगंज में 99 करोड़ 96 लाख रुपए की लागत से सेमरी जलाशय आधारित समूह नल-जल-प्रदाय योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने 24 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत के 93 नवीन विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा शिलान्यास और 28 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से 25 निर्मित विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। 
  • सेमरी जलाशय आधारित समूह नल-जल प्रदाय योजना से बेगमगंज के 46 व गैरतगंज के 49 (कुल 95) ग्राम लाभान्वित होंगे। क्षेत्र के 12 हज़ार 61 परिवारों की 76 हज़ार 400 जनसंख्या लाभान्वित होगी।
  • सुचारू जलापूर्ति हेतु 32 उच्च स्तरीय आरसीसी टंकी का निर्माण कराया गया है, जिनकी क्षमता एक लाख लीटर से 5.20 लाख लीटर तक है। 
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि बेगमगंज में जनपद का नया भवन तथा ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। बेगमगंज और बम्होरी की शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नये भवन स्वीकृत किये जाएंगे। बेगमगंज, गैरतगंज, सिलवानी और रायसेन नगर पालिका में विकास कार्यों के लिये 5-5 करोड़ रुपए उपलब्ध कराये जाएंगे।