स्कूली शिक्षा में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’पढ़ाने वाला मध्य प्रदेश देश में पहला राज्य | 21 Dec 2022

चर्चा में क्यों?

20 दिसंबर, 2022 को मध्य प्रदेश के राज्य मंत्री स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार ने मध्य प्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित ईएफए (एजुकेशन फॉर ऑल) स्कूलों में प्रारंभ किये गए ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’विषय की कक्षा 8वीं एवं कक्षा 9वी की पुस्तकों का विमोचन करते हुए बताया कि स्कूली शिक्षा में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’पढ़ाने वाला मध्य प्रदेश देश में पहला राज्य है।

प्रमुख बिंदु 

  • मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मध्य प्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित प्रदेश में कुल 53 स्कूलों में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’विषय प्रारंभ किया गया है। इसे फिलहाल कक्षा 8वीं एवं 9वीं के विद्यार्थियों के लिये प्रारंभ किया गया है।
  • राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा इन स्कूलों में 40 आधुनिक कंप्यूटर्स की इंटरनेट युक्त प्रयोगशाला भी स्थापित की गई हैं।
  • मध्य प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिये शिक्षा विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकी विषयों के समावेश एवं अनुप्रयोग पर ज़ोर दिया जा रहा है।
  • मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मध्य प्रदेश पहला राज्य है, जहाँ ईएफए (एजुकेशन फॉर ऑल) विद्यालयों में कक्षा आठवीं और नौवीं में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’की कुल 240 घंटों की क्लास के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। सर्वसुविधायुक्त कंप्यूटर लैब की उपलब्धता से इस विषय की पढ़ाई में विद्यार्थियों को सुगमता हो रही है।
  • ‘आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस’जैसी नवीनतम तकनीक के साथ भारत को विश्व के समक्ष खड़ा करने के लिये विद्यार्थियों को इसका रचनात्मक प्रयोग और मानव कल्याण की दिशा में उपयोग करना सिखाया जा रहा है, जिसमें यह पाठ्यक्रम अति उपयोगी साबित होगा।