दून में 13 साल बाद होगी अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कॉन्ग्रेस | 27 Jul 2023

चर्चा में क्यों?

25 जुलाई, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार अक्तूबर में होने वाली अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कॉन्ग्रेस की मेजबानी इस बार उत्तराखंड को मिली है। हालाँकि फिलहाल इसकी तिथि की घोषणा नहीं हुई है।  

प्रमुख बिंदु  

  • गौरतलब है कि गृह मंत्रालय से इसके लिये पुलिस विभाग को पत्र मिल चुका है। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शिरकत करेंगे। उत्तराखंड को 13 साल पहले 2010 में पुलिस विज्ञान कॉन्ग्रेस की ज़िम्मेदारी मिली थी। 
  • विदित है कि पुलिस को आधुनिक अपराधों से लड़ने के लिये किस तरह से सक्षम बनाया जाए, इस पर मंथन के लिये देश में हर साल विज्ञान कॉन्ग्रेस आयोजित होती है। इसमें सभी राज्यों के आईजी और डीजीपी शिरकत करते हैं। पिछले साल यह विज्ञान कॉन्ग्रेस मध्य प्रदेश के भोपाल में हुई थी।  
  • उत्तराखंड डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस विज्ञान कॉन्ग्रेस के लिये अभी तक प्रदेश के देहरादून स्थित एफआरआई को आयोजन स्थल के लिये प्रस्तावित किया गया है। विज्ञान कांग्रेस में पैनल के लिये वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। 
  • डीजीपी ने बताया कि इस बार विज्ञान कॉन्ग्रेस का मुख्य बिंदु ड्रोन टेक्नोलॉजी, साइबर क्राइम, ड्रग्स तस्करी की रोकथाम होंगे। वर्तमान में साइबर क्राइम बड़ा अपराध है। इसमें अपराधी नए-नए तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में इस पर विस्तार से चर्चा करना बेहद ज़रूरी है।