38वीं राज्यस्तरीय पशुधन प्रदर्शनी | 28 Feb 2022

चर्चा में क्यों?

25 से 27 फरवरी, 2022 तक हरियाणा के भिवानी के हुडा ग्राउंड में आयोजित 38वीं राज्यस्तरीय पशुधन प्रदर्शनी का समापन हो गया। प्रदर्शनी के अंतिम दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

प्रमुख बिंदु 

  • प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड द्वारा आयोजित 38वीं पशुधन प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय ने 25 फरवरी को किया था। 
  • मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पशुधन प्रदर्शनी को संबोधित करते हुए पशुपालन विभाग की दवाइयों का बजट दुगुना करने की घोषणा की।
  • कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि इस पशुधन प्रदर्शनी का सफल आयोजन कोरोना महामारी के कारण दो साल बाद किया गया है। इसे हर साल आयोजित किया जाएगा।
  • उन्होंने कहा कि प्रदेश में पशुपालन विभाग की ओर से एंबुलेंस सेवा के लिये 70 मोबाइल वैन शुरू की जाएंगी तथा कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया बकरियों के लिये भी आरंभ की जाएगी।
  • इस प्रदर्शनी में दो हज़ार बेहतर नस्ल के पशु लाए गए, जिनको देखकर अन्य किसानों को भी अपने पशु का खान-पान और नस्ल सुधार करने की प्रेरणा मिली। 
  • प्रदर्शनी में गाय, भैंस, भेड़, बकरी, ऊँट, घोड़े सहित 53 श्रेणियों के उत्तम नस्ल के पशुओं को सरकार द्वारा नकद इनाम दिया गया, जिसमें प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय, तृतीय व सांत्वना पुरस्कार आवंटित किये गए। 
  • प्रदर्शनी में नस्ल चैंपियन श्रेणी में मुर्रा, हरियाणा साहीवाल और एगज्योटिक नस्ल के प्रत्येक नर व मादा को 2.5 लाख व 1.5 लाख रुपए का नकद इनाम दिया गया। इस तरह प्रदर्शनी में राज्य सरकार द्वारा उत्तम पशु रखने वाले पशुपालकों को 37 लाख 31 हज़ार 800 रुपए की नकद राशि का वितरण किया गया। 
  • प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ पशु का इनाम रोहतक निवासी देवेंद्र सिंह के झोटे को मिला। उसके बाद हरियाणा नस्ल में प्रथम स्थान झज्जर ज़िले के गाँव गवालिसन निवासी ब्रह्म प्रकाश की गाय को मिला। 
  • इसी प्रकार साहीवाल नस्ल में प्रथम स्थान करनाल ज़िले के नवदीप की गाय को मिला। क्रॉस ब्रीड नस्ल में महेंद्रगढ़ ज़िले के गुढा निवासी नीटू की गाय ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार गाय की गीर नस्ल में सोनीपत निवासी वीरेंद्र की गाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
  • द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुओं की मुर्रा नस्ल में हिसार निवासी होशियार सिंह की भैंस दूसरे स्थान पर रही। इसी प्रकार हरियाणा नस्ल में पानीपत निवासी नरेंद्र की गाय दूसरे स्थान पर, साहीवाल नस्ल में करनाल निवासी वासुदेव की गाय तथा क्रॉस ब्रीड नस्ल में महेंद्रगढ़ निवासी नीटू की गाय दूसरे स्थान पर रहीं।
  • प्रदर्शनी में भिवानी जिले के गाँव ढाणी माहू निवासी विक्की के बकरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार भिवानी ज़िले के गाँव नांगल निवासी रजनीश की बकरी प्रथम स्थान पर रही।