अब तक 143 हेरिटेज संपत्तियों को प्रमाण-पत्र जारी | 19 Apr 2022

चर्चा में क्यों?

18 अप्रैल, 2022 को विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर राजस्थान पर्यटन विभाग की निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा अभी तक 143 हेरिटेज संपत्तियों को प्रमाण-पत्र जारी किये गए हैं।

प्रमुख बिंदु

  • ये हेरिटेज संपत्तियाँ देशी-विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ डेस्टीनेशन वेडिंग और फिल्म शूटिंग लोकेशन के रूप में बहुत लोकप्रिय हैं, साथ ही विभागीय वेबसाइट के माध्यम से इन संपत्तियों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। 
  • इन हेरिटेज होटलों के संचालन हेतु राज्य सरकार द्वारा कई प्रकार के परिलाभ, जैसे- संपरिवर्तन शुल्क, आबकारी बार लाइसेंस शुल्क, स्टांप ड्यूटी और शहरी विकास कर में छूट इत्यादि उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। 
  • प्रदेश में स्थापत्य विरासत के रूप में किले, महल, हवेलियाँ इत्यादि बहुतायत में उपलब्ध हैं, इन पुरासंपत्तियों में से ज़्यादातर संपत्तियाँ निजी स्वामित्व में हैं, जिनका संरक्षण वर्तमान समय की महती आवश्यकता है। 
  • राज्य सरकार द्वारा निजी स्वामित्व की हेरिटेज संपत्तियों के संरक्षण और इन संपत्तियों के हेरिटेज होटल एवं अन्य पर्यटन इकाइयों के रूप में उपयोग को बढ़ावा देने के लिये हेरिटेज प्रमाण-पत्र प्रदान करने की योजना लागू की गई, जिसे जुलाई 2021 में निवेशकों के अनुरूप सरलीकृत किया गया है।  
  • देश भर में संचालित हेरिटेज होटलों में से दो-तिहाई से अधिक हेरिटेज होटल राजस्थान राज्य में हैं। पर्यटन विभाग द्वारा राजकीय संपत्तियों को भी हेरिटेज प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाता है। 
  • उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को वर्ल्ड हेरिटेज डे अर्थात् विश्व धरोहर दिवस को संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने के लिये मनाया जाता है, साथ ही यह दिवस देश-प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने, उनके सवर्द्धन और संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये मनाया जाता है, ताकि लोग अपनी संस्कृति और परंपरा को करीब से समझ सकें।