नोएडा शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 16 जनवरी से शुरू :   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

Sambhav-2025

  • 08 Jan 2025 सामान्य अध्ययन पेपर 1 भूगोल

    दिवस-33: वायुमंडल में ओज़ोन का क्या महत्त्व है? ओज़ोन परत क्षरण के कारणों और परिणामों पर चर्चा कीजिये। (250 शब्द)

    उत्तर

    हल करने का दृष्टिकोण:

    • ओज़ोन को परिभाषित कीजिये और वायुमंडल में इसकी भूमिका बताइये।
    • वायुमंडल में ओज़ोन के महत्त्व पर चर्चा कीजिये।
    • ओज़ोन परत क्षरण के कारणों और परिणामों पर चर्चा कीजिये।
    • ओज़ोन परत क्षरण को रोकने के उपाय सुझाइये।

    परिचय:

    ओज़ोन (O₃) पृथ्वी के वायुमंडल में उपस्थित एक त्रिपरमाणु अणु है, जो मुख्य रूप से समताप मंडल में केंद्रित होता है और ओज़ोन परत का निर्माण करता है। यह सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी (UV) विकिरण को अवशोषित करके पृथ्वी पर जीवन के संरक्षण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है, हालाँकि मानवीय गतिविधियाँ और कुछ प्राकृतिक कारणों के परिणामस्वरूप ओज़ोन परत का क्षरण हुआ है, जिससे पर्यावरण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो गई हैं।

    मुख्य भाग:

    वायुमंडल में ओज़ोन का महत्त्व

    • UV विकिरण से सुरक्षा:
      • ओज़ोन परत UV-B और UV-C किरणों के अधिकांश भाग को अवशोषित कर लेती है, जिससे ये किरणें पृथ्वी की सतह तक नहीं पहुँच पातीं। यह परत जीवों को त्वचा कैंसर, मोतियाबिंद और आनुवंशिक क्षति जैसी गंभीर समस्याओं से सुरक्षित रखती है।
    • जलवायु विनियमन:
      • ओज़ोन समताप मंडल में तापमान को नियंत्रित करता है और वायुमंडलीय परिसंचरण तथा स्थिरता को प्रभावित करता है।
    • पारिस्थितिकी तंत्र में सहायक:
      • हानिकारक विकिरण को अवशोषित करके ओज़ोन परत जैवविविधता को बनाए रखने में योगदान करती है और फाइटोप्लांकटन पर निर्भर समुद्री जीवन सहित संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण करती है।

    ओज़ोन परत क्षरण के कारण

    • प्राकृतिक कारण:
      • ज्वालामुखी विस्फोट: क्लोरीन युक्त गैसें उत्सर्जित करती हैं, जो ओज़ोन परत के क्षरण में योगदान करती हैं।
      • सौर गतिविधि: सूर्य के ऊर्जा उत्पादन में परिवर्तन ओज़ोन परत के स्तर को अस्थायी रूप से प्रभावित कर सकता है।
    • मानवजनित कारण:
      • क्लोरोफ्लोरोकार्बन (CFC): प्रशीतन, एयर कंडीशनिंग और एरोसोल स्प्रे में उपयोग किये जाने वाले ये क्लोरीन परमाणु ओज़ोन अणुओं को नष्ट कर देते हैं।
      • हेलोन और अन्य ओज़ोन-क्षयकारी पदार्थ (ODS): अग्निशामक यंत्रों और विलायकों में पाए जाने वाले ये पदार्थ ओज़ोन परत के क्षरण को तीव्र करते हैं।
      • नाइट्रोजन ऑक्साइड (NOx): सुपरसोनिक विमानों और विशिष्ट उर्वरकों से उत्सर्जित ये यौगिक ओज़ोन परत को नष्ट करते हैं।

    ओज़ोन परत क्षरण के परिणाम

    • स्वास्थ्य पर प्रभाव:
      • UV विकिरण के संपर्क में वृद्धि से त्वचा कैंसर, मोतियाबिंद और प्रतिरक्षा प्रणाली के कमज़ोर होने की संभावना बढ़ जाती है।
    • पर्यावरणीय प्रभाव:
      • समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र: UV विकिरण फाइटोप्लांकटन को नुकसान पहुँचाता है, जो समुद्री खाद्य शृंखला का आधार है और इसके कारण मत्स्य पालन तथा जैवविविधता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
      • कृषि: UV विकिरण के प्रभाव के कारण फसल की पैदावार कम हो जाती है, विशेष रूप से सोयाबीन और गेहूँ जैसे संवेदनशील पौधों में।

    ओज़ोन परत क्षरण को रोकने के उपाय

    • अंतर्राष्ट्रीय प्रयास:
      • मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल (1987): ओज़ोन परत को नुकसान पहुँचाने वाले पदार्थों के उत्पादन तथा उपयोग को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक संधि की गई थी। इसकी सफलता से ओज़ोन परत का पुनर्निर्माण हुआ है।
    • तकनीकी नवाचार:
      • सी.एफ.सी. के पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का विकास, जैसे- हाइड्रोफ्लोरोकार्बन (एच.एफ.सी.) और प्राकृतिक रेफ्रिजरेंट (ठंडक उत्पन्न करने वाले पदार्थ)।
    • जन जागरूकता और समर्थन:
      • अंतर्राष्ट्रीय ओज़ोन दिवस (16 सितंबर) जैसे वैश्विक अभियान ओज़ोन परत के संरक्षण के महत्त्व पर ज़ोर देते हैं।
    • नीति और विनियमन:
      • भारत के प्रयासों को राष्ट्रीय ओज़ोन सेल (एनओसी) द्वारा समर्थन प्राप्त है, जो ओडीएस को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने से संबंधित गतिविधियों का समन्वय और निगरानी करता है।

    निष्कर्ष

    ओज़ोन परत पृथ्वी पर जीवन के लिये अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि यह हानिकारक UV विकिरण से सुरक्षा प्रदान करती है। जबकि मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल जैसे अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से महत्त्वपूर्ण प्रगति हुई है, ओज़ोन परत को संपूर्ण रूप से पुनर्स्थापित करने और इसके क्षरण के हानिकारक प्रभावों को कम करने के लिये निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2