Mains Marathon

दिवस-14: मिशन LiFE किस प्रकार से जलवायु परिवर्तन का समाधान करने के साथ सतत् विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में योगदान देता है। चर्चा कीजिये। (250 शब्द)

01 Aug 2023 | सामान्य अध्ययन पेपर 3 | पर्यावरण

दृष्टिकोण / व्याख्या / उत्तर

हल करने का दृष्टिकोण:

  • मिशन लाइफ की अवधारणा और इसके उद्देश्य का संक्षेप में परिचय दीजिये।
  • बताइये कि यह मिशन जीवन जलवायु परिवर्तन से निपटने के साथ सतत् विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में किस प्रकार योगदान देता है।
  • आगे की राह बताते हुए निष्कर्ष दीजिये।

मिशन LiFE (पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली) विश्व स्तर पर एक स्थायी जीवनशैली बनाए रखने और संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित सतत् विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता हेतु भारत द्वारा की गई एक वैश्विक पहल है।

  • इसे वर्ष 2021 में ग्लासगो में COP26 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था। यह भारत के नेतृत्व वाला ऐसा वैश्विक जन आंदोलन होने की उम्मीद है जो पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण के लिये व्यक्तिगत तथा सामूहिक कार्रवाई को प्रेरित करेगा।
  • इस मिशन का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित करना है।

मिशन LiFE विभिन्न प्रकार से जलवायु परिवर्तन से निपटने तथा सतत् विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक है जैसे:

  • इससे लोग जीवाश्म ईंधन, प्लास्टिक तथा अन्य गैर-नवीकरणीय संसाधनों की खपत को कम करने एवं नवीकरणीय ऊर्जा, बायोडिग्रेडेबल सामग्री और चक्रीय अर्थव्यवस्था जैसे स्वच्छ एवं हरित विकल्पों को अपनाने हेतु प्रोत्साहित होंगे।
    • इससे जलवायु परिवर्तन में प्रमुख भूमिका निभाने वाली ग्रीनहाउस गैस के उत्सर्जन को कम करने में मदद मिल सकती है जिससे भविष्य की पीढ़ियों के लिये प्राकृतिक संसाधनों को भी संरक्षित किया जा सकता है।
  • इससे 'ग्रह की जीवनशैली, ग्रह के लिये और ग्रह द्वारा (‘Lifestyle of the planet, for the planet and by the planet’) की अवधारणा को बढ़ावा मिलता है। जिसका अर्थ है प्रकृति के साथ सद्भाव में रहना एवं इसकी विविधता तथा संतुलन का सम्मान करना आवश्यक है। इससे जैव विविधता, पारिस्थितिकी तंत्र एवं पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं की रक्षा करने में मदद मिल सकती है, जो मानव कल्याण तथा सतत् विकास के लिये आवश्यक हैं।
  • यह 'प्रो-प्लैनेट पीपल' (P3) का एक वैश्विक नेटवर्क बनाने पर केंद्रित है, जिसमें पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार को अपनाने तथा प्रसार करने के क्रम में एक-दूसरे का समर्थन तथा प्रेरित करने की साझा प्रतिबद्धता शामिल होगी। इससे विभिन्न पृष्ठभूमि, संस्कृतियों एवं देशों के लोगों के बीच एकजुटता और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल सकता है, जो सतत् विकास एजेंडा, 2030 को प्राप्त करने के लिये महत्त्वपूर्ण है।

मिशन LiFE एक अभिनव और महत्त्वाकांक्षी पहल है जो जलवायु परिवर्तन एवं सतत् विकास की दोहरी चुनौतियों से निपटने में महत्त्वपूर्ण हो सकती है। इससे अन्य देशों तथा हितधारकों के समन्वय के साथ बेहतर भविष्य हेतु सामूहिक कार्रवाई की प्रेरणा मिल सकती है।