दृष्टि आईएएस अब इंदौर में भी! अधिक जानकारी के लिये संपर्क करें |   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (IV): जुलाई, 2019

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस देश की पहचान कीजिये जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा ‘खसरा मुक्त’ घोषित किया गया है।

    उत्तर : श्रीलंका। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने श्रीलंका को खसरा (Measles) मुक्त घोषित किया है। श्रीलंका, WHO द्वारा खसरा मुक्त घोषित होने वाला दक्षिण एशिया का 5वाँ देश है। खसरा मुक्त होने से तात्पर्य है कि अंतिम तीन वर्षो में खसरे का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। देश में खसरा का अंतिम मामला मई 2016 में सामने आया था। इस क्षेत्र के खसरा मुक्त होने वाले अन्य देश मालदीव, भूटान, डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक (DPR) ऑफ कोरिया और पूर्वी तिमोर हैं। भूटान, मालदीव और तिमोर-लेस्ते के बाद श्रीलंका इस क्षेत्र का चौथा देश है, जिसने वर्ष 2020 तक इन बीमारियों को नियंत्रित करने के WHO के क्षेत्रीय लक्ष्य से पहले ही खसरे को समाप्त करने और रूबेला को नियंत्रित करने में सफलता प्राप्त की है।

  • 2. उस देश की पहचान कीजिये जिसने Spektr-RG नामक अंतरिक्ष टेलीस्कोप लॉन्च किया है।

    उत्तर : रूस। रूस ने जर्मनी के साथ संयुक्त परियोजना के रूप में Spektr-RG नामक टेलीस्कोप लॉन्च किया है। यह टेलीस्कोप Spektr-R, जिसे रूसी हबल के रूप में जाना जाता है, को प्रतिस्थापित करने के लिये विकसित किया गया है। उल्लेखनीय है कि रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रॉस्कॉस्मस (ROSCOSMOS) ने जनवरी, 2019 में Spektr-R का नियंत्रण खो दिया था। Spektr-R को वर्ष 2011 में कृष्णछिद्रों (BlackHoles), न्यूट्रॉन तारों और चुंबकीय क्षेत्रों के अध्ययन के लिये लॉन्च किया गया था जिससे ब्रह्मांडीय विस्तार को समझने में मदद मिली। Spektr-RG भी इसके सामान कार्यों को करेगा लेकिन इनके अलावा यह एक्स किरणों के मापन का कार्य भी करेगा।

  • 3. उस देश की पहचान कीजिये जहाँ फैली इबोला महामारी को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वैश्विक आपातकाल घोषित किया है।

    उत्तर : कांगों लोकतांत्रिक गणराज्य। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कांगों लोकतांत्रिक गणराज्य (मध्य अफ्रीका के एक देश) में इबोला महामारी के प्रक्रोप को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। WHO वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल को एक ‘असाधारण घटना’ के रूप में परिभाषित करता है जो अन्य देशों के लिये भी एक जोखिम हो सकता है और इस प्रकार की घटना से निपटने के लिये एक समन्वित अंतर्राष्ट्रीय प्रतिक्रिया की आवश्यकता होती है। वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल की घोषणा से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लोगों का अधिक ध्यान आकर्षित होता है और वित्तीय और तकनीकी दोनों प्रकार की सहायता भी मिलती है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ‘वर्ष 2019 में वैश्विक स्वास्थ्य को दस खतरे’ नाम से सूची जारी की थी जिसमें इबोला को भी शामिल किया गया था।

  • 4. उस देश की पहचान कीजिये जहाँ उसाम्बरा पर्वत स्थित है।

    उत्तर : तंजानिया। तंजानिया के उसाम्बरा (Usambara) पर्वतीय क्षेत्र में मिशोगिन इडडी (Mischogyne iddi-M iddi) नामक फूल के पौधे की खोज की गई है। मिशोगिन इडडी पौधे का नामकरण अमानी नेचर रिज़र्व के वनस्पति वैज्ञानिक इडडी रजाबू (Iddi Rajabu) के नाम पर किया गया है। IUCN ने इस पौधे को संकटग्रस्त (Endangered) की श्रेणी में रखा गया है। कृषि के विस्तार से वन क्षेत्रों का ह्रास हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप कम संख्या वाले ये पौधे संकटग्रस्त की श्रेणी में शामिल होते जा रहे है। उसाम्बरा पर्वत, उष्णकटिबंधीय पूर्वी अफ्रीका में स्थित है, जिसकी पूर्वी सीमाएँ आर्क पर्वत को स्पर्श करती हैं।

  • 5. उस देश की पहचान कीजिये जिसने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन फ्रेमवर्क समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं।

    उत्तर : पलाउ। यह अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) फ्रेमवर्क समझौते पर हस्ताक्षर करने वाला 76वाँ देश बन गया है। पलाउ वर्ष 2020 में आयोजित होने वाले ‘Our Oceans’ सम्मेलन की मेज़बानी करेगा। इस सम्मेलन के प्रमुख उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, सतत् मत्स्य पालन और समुद्री प्रदूषण जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना है। अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की शुरुआत भारत और फ्राँस ने 30 नवंबर, 2015 को पेरिस जलवायु सम्‍मेलन के दौरान की थी। इसकी पहली बैठक का आयोजन नई दिल्ली में किया गया था।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow