इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (III): जुलाई, 2019

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस देश की पहचान कीजिये जिसने हाल ही में नदियों को जीवित इकाई का विधिक दर्जा दिया है।

    उत्तर : बांग्लादेश, बांग्लादेश के उच्च न्यायालय ने देश की नदियों को अतिक्रमण से बचाने के लिये उन्हें ‘जीवित इकाई’ दर्जा दिया है। न्यायालय ने देश के नदी संरक्षण आयोग को सभी जलमार्गों का कानूनी संरक्षक नियुक्त किया है और अन्य राज्य एजेंसियों को पूरी तरह से इसकी सहायता करने का निर्देश दिया है।

  • 2. उस देश की पहचान कीजिये जिसके साथ भारत ने द्विपक्षीय वायु रक्षा अभ्यास ‘गरुड़’ में भाग लिया।

    उत्तर : फ्राँस, भारतीय वायु सेना (IAF) ने फ्राँस द्वारा आयोजित द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास गरुड़ के 6वें संस्करण में भाग लिया। इस अभ्यास का उद्देश्य हवाई रक्षा और ज़मीनी हमले के अभियानों में फ्राँसीसी एवं भारतीय चालक दल के अंतर-संचालन स्तर को बढ़ाना है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के तहत, गरुड़ अभ्यास का आयोजन बारी-बारी से फ्राँस और भारत में किया जाता है।

  • 3. उन दो देशों की पहचान कीजिये जिनके बीच माल परिवहन के लिये पहली बार भारतीय जलमार्ग का उपयोग एक चैनल के रूप में किया जा रहा है।

    उत्तर : (a) बांग्लादेश, (b) भूटान, नौवहन राज्य मंत्री ने डिजिटल रूप से भारत के अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के एक जहाज़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें भूटान से लाए गए पत्थरों को बांग्लादेश में पहुँचाया जाना है। यह पहली बार है जब किसी भारतीय जलमार्ग का उपयोग दोनों देशों के बीच कार्गो के परिवहन के लिये एक चैनल के रूप में किया जा रहा है, अर्थात् भारतीय जलमार्ग का उपयोग पारगमन के लिये किया जा रहा है। यह भारत के साथ-साथ भूटान और बांग्लादेश के लिये फायदेमंद है। इसके अलावा इस कदम से पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंध मज़बूत होंगे। MV AAI नामक जहाज़ को असम के धुबरी से रवाना किया गया है और यह जहाज़ ब्रह्मपुत्र एवं इंडो बांग्लादेश प्रोटोकॉल रूट (Indo Bangladesh Protocol Route) के माध्यम से बांग्लादेश के नारायणगंज तक जाएगा।

  • 4. उस देश की पहचान कीजिये, जिसके पास कंपनियों के लिंक को बढ़ाने और भारत के व्यापार एवं निर्णय लेने वालों के साथ नई साझेदारी विकसित करने के लिये JETCO नाम का एक फोरम है।

    उत्तर : यूनाइटेड किंगडम, जेटको (JETCO) यूनाइटेड किंगडम की कंपनियों को उनके लिंक बढ़ाने और भारत के व्यापार एवं निर्णय लेने वालों के साथ नई साझेदारी विकसित करने हेतु एक मंच प्रदान करता है। जेटको प्रक्रिया के माध्यम से सरकारों के बीच वार्ता का आयोजन किया जाता है। यह वार्ता बाज़ार उदारीकरण और बाज़ार पहुँच के मुद्दों को संबोधित करती है।

  • 5. उस देश की पहचान कीजिये, जिसे भारत ने हाल ही में बांग्लादेश से लौटने वाले विस्थापित रोहिंग्याओं के उपयोग के लिये 250 पूर्व-निर्मित मकान सौंपे थे।

    उत्तर : म्याँमार, भारत सरकार ने अपने रखाइन राज्य विकास कार्यक्रम (RSDP) के तहत इस परियोजना को शुरू किया था। भारत ने वर्ष 2017 के अंत में म्याँमार में रखाइन प्रांत के लिये एक विकास कार्यक्रम पर हस्ताक्षर किये थे, जिसका उद्देश्य विस्थापित रोहिंग्याओं के लिये आवास बुनियादी ढाँचे के निर्माण के लिये म्याँमार सरकार की सहायता करना था। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और संबद्ध गतिविधियों, कृषि-प्रसंस्करण, सामुदायिक विकास क्षेत्रों तथा इनसे संबंधित प्रशिक्षण के क्षेत्र में बुनियादी ढाँचे का निर्माण शामिल है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2