प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप : जून 2021 (II)

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस क्षेत्र को चिह्नित कीजिये जिसे प्रायः ‘तीसरे ध्रुव' के रूप में संदर्भित किया जाता है:

    उत्तर : हिंदूकुश हिमालय (HKH) श्रेणियाँ। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के अनुसार, हिंदूकुश हिमालयन (HKH) पर्वत शृंखलाएँ वर्ष 2100 तक अपनी दो-तिहाई बर्फ से विहीन सकती हैं। HKH को प्रायः पृथ्वी पर 'तीसरे ध्रुव' के रूप में जाना जाता है, यह भारत, नेपाल और चीन सहित आठ देशों में 3,500 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। अंटार्कटिका और आर्कटिक के बाद यहाँ जमे हुए पानी का दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा भंडारण है।

  • 2. हाल ही में समाचारों में रहा ‘बैहेतन बाँध’ कहाँ स्थित है?

    उत्तर : चीन। हाल ही में चीन ने दुनिया के दूसरे सबसे बड़े जलविद्युत बाँध- बैहेतन बाँध का संचालन शुरू कर दिया है। चीन की यांग्त्ज़ी नदी पर स्थित ‘थ्री गॉर्जेस डैम’ दुनिया का सबसे बड़ा हाइड्रोपावर डैम है। इसने वर्ष 2003 में परिचालन शुरू किया था। यह जिंशा नदी पर है, जो कि यांग्त्ज़ी नदी (एशिया की सबसे लंबी नदी) की एक सहायक नदी है। इसे 16,000 मेगावाट की कुल स्थापित क्षमता के साथ बनाया गया है। यह अंततः एक दिन में इतनी बिजली पैदा करने में सक्षम होगा, जो तकरीबन 500000 लोगों की एक वर्ष की बिजली ज़रूरतों को पूरा करने के लिये पर्याप्त होगी।

  • 3. पोंटिक, काकेशस और क्रीमियन पहाड़ों से घिरे उस जल निकाय की अवस्थिति को चिह्नित कीजिये जिसे यूक्सिन सागर के नाम से भी जाना जाता है:

    उत्तर : काला सागर। काला सागर, जिसे यूक्सिन सागर के नाम से भी जाना जाता है, दुनिया के प्रमुख जल निकायों और प्रसिद्ध अंतर्देशीय समुद्रों में से एक है। अटलांटिक महासागर का यह सीमांत समुद्र, पूर्वी यूरोप और पश्चिमी एशिया के बीच स्थित है। यह दक्षिण, पूर्व और उत्तर में क्रमशः पोंटिक, काकेशस और क्रीमियन पहाड़ों से घिरा हुआ है। तुर्की जलडमरूमध्य प्रणाली- डारडेनेल्स, बोस्फोरस और मरमारा सागर- भूमध्यसागर तथा काला सागर के बीच एक ट्रांज़ीशन ज़ोन के रूप में कार्य करती है। काला सागर, केर्च जलडमरूमध्य के माध्यम से सागर से भी जुड़ा हुआ है। काला सागर के सीमावर्ती देशों में- रूस, यूक्रेन, जॉर्जिया, तुर्की, बुल्गारिया और रोमानिया शामिल हैं। काला सागर के जल में ऑक्सीजन की भारी कमी है जिसे एनोक्सिक स्थिति कहा जाता है। एनोक्सिक स्थिति समुद्र में यूट्रोफिकेशन की प्रक्रिया की उपस्थिति के कारण भी होती है।

  • 4. उस स्थान की पहचान कीजिये जिसे यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थलों के तहत ‘खतरे की सूची’ में शामिल करने की सिफारिश की गई है:

    उत्तर : ऑस्ट्रेलिया की ग्रेट बैरियर रीफ। हाल ही में यूनेस्को की विश्व धरोहर समिति ने सिफारिश की है कि ऑस्ट्रेलिया के ‘ग्रेट बैरियर रीफ’ को विश्व धरोहर स्थलों की "खतरे की सूची’ में जोड़ा जाना चाहिये। केवल ''खतरे की सूची'' में शामिल किये जाने से प्रतिबंध लागू नहीं होते हैं। कुछ देशों ने अपनी साइटों की तरफ अंतर्राष्ट्रीय ध्यान आकर्षित करने और उन्हें बचाने में मदद करने के लिये उन्हें इस सूची से जोड़ा है।

  • 5. उस जल निकाय को चिह्नित कीजिये जहाँ 'सी स्‍नॉट' (Sea Snot) का सबसे बड़ा प्रकोप देखा गया है:

    उत्तर : मरमारा सागर (तुर्की) हाल ही में तुर्की के मरमारा सागर (Sea of Marmara), जो काला सागर (Black Sea) को एजियन सागर (Aegean Sea) से जोड़ता है, में 'सी स्‍नॉट' (Sea Snot) का सबसे बड़ा प्रकोप देखा गया है। सी स्‍नॉट समुद्री श्लेष्म (Marine Mucilage) है जो शैवालों में पोषक तत्त्वों की अति-प्रचुरता हो जाने पर निर्मित होती है। शैवालों में पोषक तत्त्वों की अति-प्रचुरता ग्लोबल वार्मिंग, जल प्रदूषण आदि के कारण गर्म मौसम होने पर होती है। यह एक चिपचिपा, भूरा और झागदार पदार्थ जैसा दिखता है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2