प्रयागराज शाखा पर IAS GS फाउंडेशन का नया बैच 29 जुलाई से शुरू
  संपर्क करें
ध्यान दें:

विश्व का मैप (II): अक्तूबर 2020

मैप आधारित प्रश्न
  • 1. उस स्थान को चिह्नित कीजिये जहाँ ‘ल्यूसर इकोसिस्टम’ पाया जाता है।

    उत्तर : सुमात्रा, इंडोनेशिया। ल्यूसर इकोसिस्टम सबसे प्राचीन और जीवन-समृद्ध पारिस्थितिकियों में से एक है तथा यह एक विश्व स्तरीय जैव-विविधता हॉटस्पॉट है। इसे व्यापक रूप से दक्षिण पूर्व एशिया में शेष बचे अक्षुण्ण वर्षा वनों के सबसे महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों में से एक माना जाता है। इस पारिस्थितिकी तंत्र को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता प्राप्त है। यह पारिस्थितिकी तंत्र सुमात्रा द्वीप, इंडोनेशिया के एक वन क्षेत्र में स्थित है।

  • 2. उस देश की पहचान कीजिये जहाँ माउंट किलिमंजारो अवस्थित है।

    उत्तर : तंज़ानिया। हाल ही में अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी माउंट किलिमंजारो (Mount Kilimanjaro) के ढलान वाले क्षेत्रों पर आग लगने की घटना सामने आई। तंज़ानिया में अवस्थित माउंट किलिमंजारो अफ्रीका महाद्वीप का सबसे ऊँचा पर्वत है, जिसकी ऊँचाई लगभग 5,895 मीटर है। यह पूर्वी अफ्रीका में तंज़ानिया के उत्तर-पूर्व में लगभग भूमध्य रेखा पर अवस्थित है। अफ्रीका का सबसे ऊँचा पर्वत होने के साथ-साथ माउंट किलिमंजारो विश्व के सात सबसे ऊँचे पर्वतों में से एक है। इस पर्वत पर तीन ज्वालामुखी शंकु [किबो (Kibo), शिरा (Shira) एवं मावेंज़ी (Mawenzi)] हैं जिनमें किबो ज्वालामुखी सबसे ऊँचा है। माउंट किलिमंजारो विश्व का सबसे ऊँचा ‘फ्री-स्टैंडिंग माउंटेन’ है, जिसका अर्थ है कि यह किसी भी पर्वत शृंखला का हिस्सा नहीं है।

  • 3. उस क्षेत्र की पहचान कीजिये जिसने हाल ही में फ्राँस से स्वतंत्र होने के विरुद्ध मतदान किया था।

    उत्तर : न्यू कैलेडोनिया। हाल ही में दक्षिणी प्रशांत महासागर में अवस्थित फ्राँसीसी उपनिवेश ‘न्यू कैलेडोनिया’ (New Caledonia) में हुए जनमत संग्रह में लोगों ने फ्राँस से अलग न होने का समर्थन किया। वर्ष 1774 में ब्रिटिश खोजकर्त्ता जेम्स कुक ने स्कॉटलैंड के लैटिन नाम ‘कैलेडोनिया’ के आधार पर इस द्वीप को न्यू कैलेडोनिया का नाम दिया। वर्ष 1853 में फ्राँस के शासक ‘नेपोलियन तृतीय’ (Napoleon-III) ने ‘न्यू कैलेडोनिया’ को जीत लिया और कई दशकों तक इसका प्रयोग एक जेल कालोनी (Prison Colony) के रूप में किया जाता रहा। वर्ष 1998 के ‘नौमिया समझौते' के तहत ‘न्यू कैलेडोनिया’ में एक चरणबद्ध तरीके से स्थानीय स्वशासन की स्थापना और सत्ता के हस्तांतरण हेतु रूपरेखा तैयार की गई इसके तहत ही स्वतंत्रता के लिये वर्ष 1998 में प्रस्तावित जनमत संग्रह को विलंबित कर दिया गया।

  • 4. उस जल निकाय को चिह्नित कीजिये जहाँ पर्ल नदी मुहाने (Estuary) का निर्माण करती है।

    उत्तर : दक्षिण चीन सागर। पर्ल रिवर डेल्टा (Pearl River Delta), पर्ल नदी मुहाना (Pearl River Estuary- PRE) के आस-पास का निचला इलाका है जहाँ पर्ल नदी दक्षिण चीन सागर में मिलती है। यह पृथ्वी पर विश्व के सबसे घने शहरी क्षेत्र, गहन औद्योगिक क्षेत्र और सबसे व्यस्त शिपिंग लेन में से एक है। पर्ल रिवर एश्चुरी (PRE) में हाॅन्गकाॅन्ग, मकाओ के साथ-साथ चीन के प्रमुख शहर- शेन्ज़ेन, ग्वांगझू और डोंगगू भी शामिल हैं। लगभग 22 मिलियन लोग इस क्षेत्र में निवास करते हैं।

  • 5. उस स्थान की पहचान कीजिये जहाँ हाल ही में एक विशालकाय बिल्ली के जियोग्लिफ (धरती पर बने विशाल रेखाचित्र) की खोज की गई है।

    उत्तर : नाज़्का लाइंस (पेरू)। हाल ही में पेरू के प्रसिद्ध नाज़्का लाइंस (Nazca Lines) साईट की एक पहाड़ी पर विशालकाय बिल्ली के जियोग्लिफ (Geoglyph) की खोज की गई। नाज़्का लाइंस, जियोग्लिफ (धरती पर बने विशाल रेखाचित्र) का समूह हैं, जो जानवरों, पौधों और काल्पनिक प्राणियों के वास्तविक जीवन से बड़े चित्रण के लिये जाने जाते हैं। यह साईट पेरू की राजधानी लीमा से लगभग 450 किमी. दूर अवस्थित है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2