Rapid Fire (करेंट अफेयर्स): 28 नवंबर, 2022 | 28 Nov 2022

राष्ट्रीय कैडेट कोर

राष्ट्रीय कैडेट कोर/राष्ट्रीय कैडेट कॉर्प्स (National Cadet Corps- NCC) 27 नवंबर, 2022 को अपना 74वाँ स्थापना दिवस मना रहा है। यह दुनिया का सबसे बड़ा गणवेशधारी युवा संगठन है। NCC दिवस पर कैडेट ने 27 नवंबर को समूचे देश में मार्च पास्ट, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक विकास के कार्यक्रमों में भाग लिया। NCC युवाओं को उनके विकास के लिये विभिन्न प्रकार के अवसर प्रदान करता है। इस संगठन के अनेक कैडेट्स ने खेल और साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। NCC ने अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में भी पिछले चार दशक में कैडेट्स को मंच प्रदान किया है। NCC का गठन वर्ष 1948 (एच.एन. कुंजरु समिति-1946 की सिफारिश पर) में किया गया था और इसकी जड़ें ब्रिटिश युग में गठित युवा संस्थाओं, जैसे-यूनिवर्सिटी कॉर्प्स या यूनिवर्सिटी ऑफिसर ट्रेनिंग कॉर्प्स (University Corps or University Officer Training Corps) में हैं। जिसे भारतीय सेना में कर्मियों की कमी को पूरा करने के उद्देश्य से भारतीय रक्षा अधिनियम, 1917 के तहत निर्मित किया गया था। बाद में वर्ष 1949 में NCC का विस्तार गर्ल्स डिवीज़न को शामिल करने हेतु किया गया ताकि देश की रक्षा के लिये इच्छुक महिलाओं को समान अवसर प्रदान किया जा सके।

पिलाउल्लाकांडी थेक्केपरांबिल उषा - पीटी उषा

एथलीट और राज्यसभा की मनोनीत सांसद पीटी उषा को भारतीय ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनाया गया है। इस पद की वो इकलौती दावेदार थीं। इस संबंध में चुनाव 10 दिसंबर को होने थे, लेकिन विपक्ष में कोई और उम्मीदवार नहीं होने की वजह से उन्हें IOA की पहली महिला अध्यक्ष चुन लिया गया है। पीटी उषा को 'पय्योली एक्सप्रेस, उड़नपरी' के नाम से भी जाना जाता है और वह देश की सबसे सफल एथलीटों में से एक हैं। पीटी उषा ने वर्ष 1982 से 1994 तक एशियाई खेलों में चार  स्वर्ण सहित 11 पदक जीते। उन्होंने वर्ष 1986 के सियोल एशियाई खेलों में सभी चार स्वर्ण (200 मीटर, 400 मीटर,  400 मीटर बाधा दौड़ और चार गुणा 400 मीटर रिले) पदकों के साथ ही 100 मीटर में रजत भी जीता था। उषा ने 1982 नई दिल्ली  एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर में पदक जीते। कुल मिलाकर उन्होंने 1983 से 1998 तक एशियाई चैम्पिपियनशिप में कुल 23 पदक जीते। पीटी उषा वर्ष 1984 के ओलिंपिक 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं थी। भारतीय ओलंपिक संघ भारत की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (NOC) है। इसका कार्य ओलंपिक खेलों, एशियाई खेलों व अन्य अंतर्राष्ट्रीय बहु-खेल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्त्व करने वाले एथलीटों का चयन करना और भारतीय टीम का प्रबंधन करना है। यह भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ की तरह ही कार्य करता है, तथा राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्त्व करने वाले एथलीटों का भी चयन करता है।

अब्देल फतेह अल सिसी 

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सिसी को अगले वर्ष 26 जनवरी, 2023 को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। पहली बार मिस्र के राष्ट्रपति भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत और मिस्र के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देश इस साल राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगाँठ मना रहे हैं। वर्ष 2022-23 में भारत की जी-20 की अध्यक्षता के दौरान मिस्र को 'अतिथि देश' के रूप में आमंत्रित किया गया है। अब्देल फतेह अल-सिसी जिनका जन्म 19 नवंबर, 1954 की हुआ था, मिस्र के सोलहवें राष्ट्रपति हैं। वह वर्ष 2014 से लगातार मिस्र के राष्ट्रपति के पद पर है।