स्वदेशी रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर | 09 Jul 2024

स्रोत: द हिंदू

हाल ही में भारत का स्वदेशी रक्षा उत्पादन वर्ष 2023-24 में 1.27 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुँच गया, जो वित्त वर्ष 2022-23 की तुलना में 16.7% की वृद्धि है।

  • वित्त वर्ष 2022-23 में रक्षा उत्पादन का मूल्य 1.08 लाख करोड़ रुपए था।
  • भारत का वार्षिक रक्षा उत्पादन लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक 3 लाख करोड़ रुपए तक पहुँचने का लक्ष्य रखा गया है।
  • वर्ष 2023-24 के दौरान उत्पादन के कुल मूल्य में, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (Defence Public Sector Undertakings- DPSU) और अन्य PSU द्वारा लगभग 79.2 प्रतिशत तथा निजी क्षेत्र द्वारा 20.8 प्रतिशत का योगदान किया गया है।
  • वर्ष 2019-20 से रक्षा उत्पादन मूल्य में वृद्धि 60% से अधिक रही है।
  • रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में 15,920 करोड़ रुपए से 32.5% बढ़कर 2023-24 में 21,083 करोड़ रुपए पर पहुँच गया। वर्ष 2028-29 तक इसके 50,000 करोड़ रुपए तक पहुँचने की उम्मीद है।
  • वर्ष 2024-25 के लिये रक्षा बजट 6.21 लाख करोड़ रुपए आवंटित किया गया है। वर्ष 2023-24 में 4,35,000 करोड़ रुपए से अधिक की पूंजी अधिग्रहण परियोजनाओं को मंज़ूरी दी गई है।
    • पूंजी अधिग्रहण बजट का 75% स्थानीय कंपनियों से खरीद के लिये निर्धारित किया गया है।
  • भारतीय रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि का श्रेय नीतिगत सुधारों, व्यापार में सुगमता की पहल और व्यापक डिजिटल समाधानों को दिया जाता है, जो भारतीय रक्षा उत्पादों तथा प्रौद्योगिकियों की वैश्विक स्वीकृति को दर्शाता है।

अधिक पढ़ें: रक्षा निर्यात में रिकॉर्ड स्तर की वृद्धि