उच्च शिक्षा पर व्यय | 12 Feb 2025

स्रोत: द हिंदू

चर्चा में क्यों?

नीति आयोग ने 'राज्यों और राज्य सार्वजनिक विश्वविद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का विस्तार' शीर्षक से एक रिपोर्ट जारी की है। 

  • यह उच्च शिक्षा क्षेत्र में अपनी तरह का पहला नीतिगत दस्तावेज़ है जो विशेष रूप से राज्यों और राज्य सार्वजनिक विश्वविद्यालयों (SPUs) पर केंद्रित है।

उच्च शिक्षा पर नीति आयोग की रिपोर्ट के मुख्य निष्कर्ष क्या हैं?

  • शिक्षा व्यय:
    • समग्र व्यय: शिक्षा पर व्यय में जम्मू और कश्मीर (8.11%) सबसे आगे हैं। इसके बाद मणिपुर (7.25%) का स्थान है, जबकि दिल्ली इसमें काफी कम (1.67%) आबंटित करता है।
    • उच्च शिक्षा पर व्यय: इसमें बिहार 1.56% के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद जम्मू और कश्मीर (1.53%) तथा मणिपुर (1.45%) का स्थान है जबकि तेलंगाना (0.18%) का प्रतिशत सबसे कम है।
    • प्रति युवा शिक्षा पर व्यय: केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना उच्च शिक्षा पर सबसे अधिक खर्च करने वाले राज्यों में शामिल हैं जबकि राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ इसमें पीछे हैं।
  • विश्वविद्यालय घनत्व: राष्ट्रीय स्तर पर औसत विश्वविद्यालय घनत्व (किसी राज्य में प्रति 1 लाख पात्र जनसंख्या (18-23 वर्ष आयु) पर विश्वविद्यालय) 0.8 है।
    • सिक्किम में विश्वविद्यालय घनत्व सबसे अधिक (10.3) है। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश का स्थान है, जबकि बिहार में यह सबसे कम (0.2) है।

University_Density

  • लैंगिक समानता: केरल, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में महिला नामांकन अधिक है जबकि चंडीगढ़, मिज़ोरम और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में नामांकन संतुलित है।

नोट:

  • आर्थिक समीक्षा 2024-25 के अनुसार, वार्षिक शिक्षा व्यय 12% बढ़कर वित्त वर्ष 25 में 9.2 लाख करोड़ रुपए तक पहुँच गया।
    • ड्रॉपआउट दरें 1.9% (प्राथमिक) और 14.1% (माध्यमिक) तक कम हुईं, जबकि उच्च शिक्षा नामांकन में 26.5% (वर्ष 2014-2022) की वृद्धि होने से सकल नामांकन अनुपात (GER) 28.4% हो गया।
      • उच्च शिक्षा में वर्ष 2035 तक GER 50% तक पहुँचना चाहिये।
    • डिजिटल विभाजन बना हुआ है और शहरी क्षेत्रों (69%) की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों (55%) में इंटरनेट की पहुँच सीमित है।

  UPSC सिविल सेवा परीक्षा, पिछले वर्ष के प्रश्न  

प्रश्न. संविधान के निम्नलिखित प्रावधानों में से कौन से प्रावधान भारत की शिक्षा व्यवस्था पर प्रभाव डालते हैं? (2012)

  1. राज्य के नीति निदेशक सिद्धांत
  2.  ग्रामीण और शहरी स्थानीय निकाय
  3.  पाँचवीं अनुसूची
  4.  छठी अनुसूची
  5.  सातवीं अनुसूची

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:

(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 3, 4 और 5
(c) केवल 1, 2 और 5
(d) 1, 2, 3, 4 और 5

उत्तर: (d)