केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली | 03 May 2024

स्रोत: पी.आई.बी

हाल ही में राष्ट्रमंडल सचिवालय (Commonwealth Secretariat) ने भारत की केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली (Centralised Public Grievance Redressal and Monitoring System- CPGRAMS) को अत्याधुनिक शिकायत निवारण प्रणाली तथा स्मार्ट सरकार की सर्वोत्तम कार्यप्रणाली के रूप में मान्यता दी है।

  • अन्य देशों की निगरानी प्रणाली में नामीबिया की नागरिक पंजीकरण और महत्त्वपूर्ण सांख्यिकी प्रणाली (Civil Registration and Vital Statistics System- CVRS) और पहचान प्रबंधन प्रणाली तथा केन्या के मानव संसाधन प्रबंधन व ई-नागरिक मॉडल को शासन की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के रूप में मान्यता प्रदान की गई।

CPGRAMS:

  • यह एक ऑनलाइन वेब-आधारित प्रणाली है जिसे इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया गया है।
  • इसका उद्देश्य जनता की शिकायतें प्राप्त करना, उनका निवारण करना तथा उनकी निगरानी करना है।
  • यह भारत सरकार और राज्य सरकार के सभी मंत्रालयों/विभागों को जोड़ने वाले एकल पोर्टल के रूप में कार्य करता है।
  • नागरिक, उमंग (UMANG) एकीकृत मोबाइल एप्लिकेशन ज़रिये या स्टैंडअलोन मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से CPGRAMS तक पहुँच सकते हैं।
  • पंजीकरण करते समय, नागरिकों को अपनी शिकायतों की स्थिति पर नज़र रखने के लिये एक विशिष्ट पंजीकरण आईडी प्राप्त होती है।
  • यह समाधान से असंतुष्ट नागरिकों के लिये अपील दायर करने की सुविधा भी प्रदान करता है।

CPGRAMS

और पढ़ें: संतुष्ट पोर्टल