इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

Rapid Fire करेंट अफेयर्स (21 September)

  • 21 Sep 2019
  • 8 min read
  • दुनियाभर मे 21 सितंबर विश्व या अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस का आयोजन किया जाता है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सभी देशों और नागरिकों के बीच शांति व्यवस्था कायम रखने के लिये प्रयास करना और अंतर्राष्ट्रीय संघर्षों और विवादों पर विराम लगाना है। इस साल विश्व शांति दिवस की थीम Climate Action for Peace रखी गई है। इस थीम के ज़रिये दुनिया भर के लोगों को ये संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि शांति बनाए रखने के लिये जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करना बेहद ज़रूरी है। संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 1981 में विश्व शांति दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद पहली बार वर्ष 1982 में विश्व शांति दिवस मनाया गया था। वर्ष 1982 से लेकर वर्ष 2001 तक सितंबर माह के तीसरे मंगलवार को विश्व शांति दिवस के रूप में मनाया गया, लेकिन वर्ष 2002 से इसके लिये 21 सितंबर की तारीख निर्धारित कर दी गई।
  • 1 सितंबर से 30 सितंबर तक देशभर में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। देश में कुपोषण की चुनौतियों से निपटने और समग्र पोषण के महत्त्व के बारे में देशवासियों को संवेदनशील बनाने के लिहाज से पोषण अभियान के तहत सितंबर माह को पूरे देश में राष्ट्रीय पोषण माह के तौर पर मनाया जाता है। पोषण माह का उद्देश्य लोगों को पोषण की आवश्यकता के बारे में जागरूक करना और लोगों की पहुँच उन सरकारी सेवाओं तक बनाना है जो बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दूध पिलाने वाली माताओं के लिये पूरक आहार को बढ़ावा देती है। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह में पाँच सूत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इनमें शिशु के पहले 1000 दिन, एनीमिया, दस्त, हाथ धोना और स्वच्छता तथा पौष्टिक आहार (भोजन की विविधता के साथ पौष्टिक आहार) शामिल हैं। नीति आयोग के उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय पोषण मिशन के चेयरमैन डॉ. राजीव कुमार के अनुसार, चल रहे पोषण माह के दौरान सरकार देश के उन 250 ज़िलों पर विशेष ध्यान दे रही है जहाँ कुपोषण का स्तर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। विदित हो कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों के सहयोग से वर्ष 2018 में पोषण अभियान की शुरुआत करते समय वर्ष 2022 तक सभी बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।
  • देश की सबसे बड़ी पावर कंपनी NTPC गुजरात के कच्छ में देश का सबसे बड़ा सोलर पार्क बनाने जा रही है। यह पार्क अगले 5 साल में बनकर तैयार हो जाएगा। 5 गीगावाट की क्षमता वाले इस सोलर पार्क करे बनाने में 25 हज़ार करोड़ रुपए लागत आने का अनुमान है। कंपनी पार्क में परियोजनाएँ स्थापित करने के लिये डेवलपर्स से बोलियाँ भी आमंत्रित कर सकती है। यह परियोजना NTPC की वर्ष 2032 तक 32 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता तैयार करने के उद्देश्य का हिस्सा है, जिसके ज़रिये NTPC अपने ऊर्जा मिश्रण में जीवाश्म ईंधन की हिस्सेदारी 96% से घटाकर 70% करेगी। विदित हो कि भारत में सौर ऊर्जा हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन भारत सरकार के नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा किया जाता है।
  • 19 सितंबर को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 55वाँ भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग दिवस मनाया गया। भारतीय उच्चायोग में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की। तकनीकी और आर्थिक सहयोग कार्यक्रम के तहत वर्ष 2007 से चार हज़ार से अधिक बांग्लादेशी पेशेवरों ने लघु और मध्यम अवधि पाठ्यक्रमों में विशेषज्ञता प्राप्त की है। यह कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान और भारतीय विज्ञान संस्थान जैसे प्रमुख संस्थानों में लघु और मध्यम अवधि के विशेष पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण देता है। भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग कार्यक्रम 15 सितंबर, 1964 को भारत सरकार की सहायता के द्विपक्षीय कार्यक्रम के रूप में शुरू किया गया था। प्रतिवर्ष 161 सहयोगी देशों को 10 हज़ार से अधिक प्रशिक्षण अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। लेखा, लेखा परीक्षण, प्रबंधन, लघु और मध्यम उद्यम, ग्रामीण विकास और संसदीय कार्य जैसे क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम चलाए जाते हैं।
  • सुपर-30 के संस्थापक और IIT प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने वाली कोचिंग संस्था सुपर 30 (Super 30) के संस्थापक और गणित के शिक्षक आनंद कुमार को अमेरिका में शिक्षण से जुड़े एक प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाज़ा गया है। यह पुरस्कार उन्हें ज़रूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा मुहैया कराने में दिये गए उनके योगदान के लिये दिया गया। कैलिफोर्निया के सैन जोस में आनंद कुमार को फाउंडेशन फॉर एक्सीलेंस' (FEE) संगठन ने अपनी 25वीं सालगिरह के मौके पर द एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड 2019 पुरस्कार से सम्मानित किया है। गौरतलब है कि आनंद कुमार पिछले 18 वर्षों से सुपर-30 प्रोग्राम चला रहे हैं, जिसमें हर साल 30 छात्र-छात्राओं को एक साल के लिये मुफ्त आवासीय कोचिंग दी जाती है। ये सभी विद्यार्थी देश में इंजीनियरिंग में आईआईटी की परीक्षा (आईआईटी-जेईई) की तैयारी करते हैं। सुपर 30 के विद्यार्थियों की सफलता की दर अभूतपूर्व रही है, जिसमें वंचित वर्गों के छात्रों को देश के शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश दिलाकर समाज में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा गया है।
  • निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। दोनों राज्यों में एक चरण में 21 अक्तूबर को मतदान होगा तथा 24 अक्टूबर को परिणाम आएंगे। विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही दोनों राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। हरियाणा में 1.28 करोड़ मतदाता हैं और वहाँ 1.3 लाख EVM का इस्तेमाल होगा। महाराष्ट्र 8.94 करोड़ मतदाता हैं और 1.8 लाख EVM का इस्तेमाल होगा। 21 अक्तूबर को ही अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मेघालय, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना और केंद्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी में 64 सीटों पर उपचुनाव होगा और इनके परिणाम भी 24 अक्तूबर को आएंगे।
close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2
× Snow