इंदौर शाखा: IAS और MPPSC फाउंडेशन बैच-शुरुआत क्रमशः 6 मई और 13 मई   अभी कॉल करें
ध्यान दें:

डेली अपडेट्स


विविध

RAPID FIRE करेंट अफेयर्स (09 नवंबर)

  • 09 Nov 2019
  • 6 min read
  • महाराष्ट्र में कार्यवाहक मुख्यमंत्री: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के कई दिनों बाद भी वहाँ नई सरकार के बनाने का रास्ता अभी तक साफ नहीं हो पाया है। ऐसी स्थिति में राज्य के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस का इस्तीफा स्वीकार करते हुए उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था होने तक ‘‘कार्यवाहक मुख्यमंत्री’’ के तौर पर बने रहने की ज़िम्मेदारी सौंपी है। फड़नवीस ने बताया कई वैकल्पिक व्यवस्था कुछ भी हो सकती है। इसके तहत या तो एक नई सरकार का गठन हो सकता है या फिर राष्ट्रपति शासन लागू किया जा सकता है।
  • भारत करेगा पुरुष हॉकी विश्व कप की मेज़बानी: अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने शुक्रवार को हुई अपनी बैठक में भारत को 2023 पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिये चुना है, जिससे देश लगातार दूसरी बार इस प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। एफआईएच के अनुसार, पुरुष हॉकी विश्व कप भारत में 13 से 29 जनवरी, 2023 तक खेला जाएगा। गौरतलब है कि यह फैसला एफआईएच के कार्यकारी बोर्ड द्वारा लिया गया है। इसी बैठक में फैसला किया गया कि स्पेन और नीदरलैंड एक से 22 जुलाई तक आयोजित होने वाले 2022 महिला विश्व कप के सह मेजबान होंगे। उल्लेखनीय है कि पुरुष और महिला दोनों विश्व कप के स्थलों की घोषणा बाद में मेज़बान देशों द्वारा की जाएगी। इस तरह भारत चार पुरुष हॉकी विश्व कप का आयोजन करने वाला पहला देश बन गया। वह इससे पहले 1982 में मुंबई में, 2010 में नयी दिल्ली और 2018 में भुवनेश्वर में इस टूर्नमेंट का आयोजन कर चुका है।
  • करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 09 नवंबर, 2019 को करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन किया। उन्होंने करतारपुर गलियारे के उद्घाटन के साथ ही गुरुनानक जी के 550 प्रकाशोत्सव के मौके पर 550 रुपए का विशेष स्मारक सिक्का भी जारी किया। विदित हो कि भारत और पाकिस्तान के बीच कॉरिडोर को लेकर पहले ही एक समझौते हो चुका है। इस समझौते के तहत भारतीय तीर्थयात्रियों को गुरुद्वारा आने हेतु पाकिस्तान वीज़ा मुक्त प्रवेश देगा। इस समझौते के तहत करीब 5,000 भारतीय श्रद्धालु रोज़ाना गुरुद्वारा दरबार साहिब जा सकेंगे। गौरतलब है कि करतारपुर कॉरिडोर सिखों हेतु सबसे पवित्र जगहों में से एक है। सिखों के पहले गुरु, गुरुनानक देव जी का निवास स्‍थान करतारपुर साहिब था. सिखों के पहले गुरु, गुरुनानक देव ने अपनी जिंदगी के अंतिम 18 साल यहीं गुजारे थे।
  • इन्फोसिस पुरस्कार 2019: इन्फोसिस विज्ञान फाउंडेशन ने अपनी 11वीं वर्षगाँठ के अवसर पर इन्फोसिस पुरस्कार 2019 की घोषणा की है। यह पुरस्कार 6 भिन्न-भिन्न श्रेणियों में प्रदान किया जायेगा। इन 6 पुरस्कारों के लिये प्राप्त की कुल 244 प्रविष्टियों में से विजेताओं को चुना गया है:
  1. इंजीनियरिंग व कंप्यूटर विज्ञान : सुनीता सरवागी (डेटाबेस, डाटा माइनिंग, मशीन लर्निंग तथा नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग में अनुसंधान के लिये)
  2. मानविकी : मनु एस. देवादेवन (प्रागैतिहासिक दक्षिण भारत पर विविध कार्य के लिये)
  3. जीव विज्ञान : मंजुला रेड्डी (बैक्टीरिया में कोशिका भीति के क्षेत्र में शोध के लिये)
  4. गणित : सिद्धार्थ मिश्रा (सिद्धार्थ मिश्रा को एप्लाइड मैथमेटिक्स के क्षेत्र में योगदान के लिये)
  5. भौतिक विज्ञान : मुगेश (मुगेश को नैनोमैटेरियल्स तथा सूक्ष्म मॉलिक्यूल के क्षेत्र में शोध के लिये)
  6. सामाजिक विज्ञान : आनंद पांडियन (आनंद पांडियन को नैतिकता इत्यादि पर कार्य के लिये)

इन्फोसिस पुरस्कार के बारे में:

इन्फोसिस पुरस्कार एक वार्षिक पुरस्कार है, यह पुरस्कार इन्फोसिस विज्ञान फाउंडेशन द्वारा अनुसंधानकर्त्ताओं, वैज्ञानिकों, सामाजिक वैज्ञानिकों और इंजिनियरों को प्रदान किया जाता है। प्रत्येक विजेता को पुरस्कार के रूप में 22 कैरट का स्वर्ण पदक, एक प्रशस्ति प्रमाण पत्र तथा 100000 डॉलर (72 लाख रुपये) दिए जाते हैं। यह भारत में वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में दिया सबसे अधिक धनराशि वाला पुरस्कार है।

close
एसएमएस अलर्ट
Share Page
images-2
images-2