प्रीलिम्स फैक्ट्स : 4 अप्रैल, 2018 | 04 Apr 2018

स्पेशल एरिया गेम्स

  • भारत सरकार द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के माध्यम से देश के जनजातीय, पिछड़े और पहाड़ी क्षेत्रों से 10-18 वर्ष के आयु वर्ग में खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के लिये स्पेशल एरिया गेम्स (Special Area Games-SAG ) योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। 
  • यह योजना स्वदेशी खेलों तथा मार्शल आर्ट्स और किसी विशेष खेल अनुशासन में उत्कृष्टता के लिये आनुवंशिक या भौगोलिक रूप से लाभदायक समुदायों की क्षमताओं का दोहन करने में भी सहायता करती हैं। 
  • SAG योजना के तहत चयनित प्रशिक्षुओं को योजना के अनुमोदित मानकों के अनुसार विशेषज्ञ कोच, खेल उपकरण, बोर्डिंग और लॉजिंग, स्पोर्ट्स किट, प्रतियोगिता एक्सपोज़र, शैक्षिक व्यय, चिकित्सा/बीमा और स्टाइपेन्ड के रूप में वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
  • वर्तमान में देश में 20 विशेष क्षेत्र खेल केंद्र कार्यरत हैं जहाँ 2167 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों (1189 लड़के और 978 लड़कियाँ) को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

इकारस तारा (Icarus Star)

  • नासा की हबल स्पेस टेलीस्कोप ( Hubble Space Telescope)  ने सबसे अधिक दूर स्थित तारे की खोज की है।
  • इसे आधिकारिक रूप से MACS J1149 +2223 Lensed Star 1 नाम दिया गया है।
  • यह पृथ्वी से लगभग 9.3 अरब वर्ष दूर स्थित है लेकिन ग्रेविटेशनल लेंसिंग के माध्यम से इस तारे की अवस्थिति का निर्धारण किया जा सका है।
  • माइक्रोलेंसिंग एक खगोलीय घटना है जो कि ग्रहों का पता लगाने के लिये गुरुत्वाकर्षण द्वारा वक्रित प्रकाश का उपयोग करती है।
  • शोधकर्त्ताओं के अनुसार यह तारा हमारे सूर्य से दोगुना अधिक गर्म है एवं दस लाख गुना अधिक चमकीला है।
  • यह एक सर्पिलाकार आकाशगंगा में अवस्थित है।

स्काई द्वीप पर डायनासोर के फुटप्रिंट पाए गए

  • हाल ही में स्कॉटलैंड स्थित स्काई द्वीप (Isle of Skye) पर मध्य जुरासिक युग (Middle Jurassic Era) के डायनासोर के फुटप्रिंट पाए गए हैं। 
  • यहाँ पर दो प्रकार के डायनासोरों के साक्ष्य प्राप्त हुए- ब्रोंटोसोरस प्रजाति से संबंधित लंबी गर्दन वाले डायनासोर एवं टी - रेक्स हैंगिंग प्रजाति से संबंधित तेज़-दाँतेदार डायनासो। 
  • कठिन मौसमी दशाओं को ध्यान में रखकर साइट के मानचित्रण हेतु ड्रोन द्वारा लिये गए चित्रों  का प्रयोग किया गया, जबकि अन्य चित्रों हेतु अलग कैमरों का प्रयोग किया गया 
  • यह अध्ययन एडिनबर्ग विश्वविद्यालय , स्टाफिन संग्रहालय और चीन की विज्ञान अकादमी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था।
  • इसे ‘स्कॉटिश जर्नल ऑफ जियोलॉजी’ में प्रकाशित किया गया। 

प्रत्यूष और मिहिर : उच्च निष्पादन कंप्यूटिंग (HPC) प्रणाली

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने 438.9 करोड़ रुपए की लागत से प्रत्यूष और मिहिर नामक उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग (HPC) प्रणालियों का क्षमता संवर्द्धन किया है।

प्रमुख बिंदु

  • ये सिस्टम दो जगहों पर स्थापित हैं। प्रत्यूष को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटरोलॉजी (IITM) पुणे में स्थापित किया गया है और इसकी क्षमता 4 पेटा फ्लॉप्स है। 
  • मिहिर को नेशनल सेंटर फॉर मिडियम रेंज वेदर फ़ोरकास्ट (NCMRWF), नोएडा में स्थापित किया गया है और इसकी गणना क्षमता 2.8 पेटा फ्लॉप्स है। दोनों की संयुक्त कंप्यूटिंग क्षमता 6.8 पेटा फ्लॉप्स है।
  • इस सुपर कंप्यूटर को लॉन्च करते ही भारत विश्व के चौथे सर्वाधिक HPC क्षमता वाला देश बन गया है।
  • वर्तमान आँकड़ों के अनुसार ब्रिटेन 20.4 पेटा फ्लॉप अंकों के साथ सर्वाधिक HPC क्षमता वाला देश है। इसके बाद जापान की HPC क्षमता 20 पेटा फ्लॉप और अमेरिका की 10.7 पेटा फ्लॉप है।
  • एक सुपर कंप्यूटर की कंप्यूटिंग क्षमता सामान्य कंप्यूटरों की तुलना में काफी अधिक होती है। एक सुपर कंप्यूटर की कार्यक्षमता फ्लोटिंग पॉइंट ऑपरेशन प्रति सेकंड (flop) से मापी जाती है।
  • भारत को मानसून, सुनामी, चक्रवात, भूकंप, वायु गुणवत्ता, गर्म या ठंडी हवा तथा बाढ़ अथवा अकाल जैसी स्थतियों की सटीक पूर्वानुमान की आवश्यकता है।
  • पूर्वानुमान से जुड़ी ये सभी सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिये उच्च कंप्यूटिंग निष्पादन क्षमता की आवश्यकता है।
  • इसके लिये पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने High Resolution Rapid Refresh तथा Coupling Forecast System की स्थापना की है जो सिर्फ सुपर कंप्यूटर के द्वारा ही कार्य निष्पादित कर सकते है।