प्रीलिम्स फैक्ट्स : 27 नवंबर, 2017 | 27 Nov 2017

राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भाव प्रतिष्ठान (National Foundation for Communal Harmony)

राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भाव प्रतिष्ठान (एन.एफ.सी.एच.) द्वारा 19 से 25 नवंबर 2017 के मध्य सांप्रदायिक सद्भाव अभियान और फंड राइजिंग (Communal Harmony Campaign and Fund Raising) सप्ताह का आयोजन किया गया।

  • एन.एफ.सी.एच. गृह मंत्रालय के साथ संबद्ध एक स्वायत्त संगठन (autonomous organization) है।
  • यह कौमी एकता (Qaumi Ekta) वीक के साथ मिलकर सांप्रदायिक सद्भाव अभियान का आयोजन करता है।
  • यह सांप्रदायिक सद्भाव झंडा दिवस (Communal Harmony Flag Day) का भी पर्यवेक्षण करता है। 
  • यह प्रतिष्ठान सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता को मज़बूती प्रदान करने की दिशा में भी काम करता है।
  • इस प्रतिष्ठान द्वारा आरंभ 'सहायता' प्रोजेक्ट के तहत सांप्रदायिक, जातिवाद, नस्लवाद तथा आतंकवादी हिंसा के कारण अनाथ अथवा निराश्रित हुए बच्चों हेतु आवश्यक राहत तथा पुनर्वास के लिये वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।   

गेको (Gecko) की एक और नई प्रजाति की खोज

  • हाल ही में उत्तरी आंध्र प्रदेश के पूर्वी घाट में गेको की एक नई स्थानिक प्रजाति (एक प्रकार की छिपकली) की खोज की गई। 
  • ओडिशा के प्रसिद्ध चिकित्सक सुशील कुमार दत्ता के नाम पर नामित, हेमीडैक्टिलस सुशीलदत्ताई (Hemidactylus sushilduttai) या दत्ता की महेंद्रगिरि गेको (Dutta’s Mahendragiri gecko)  इस परिवार की 32 वीं प्रजाति है। यह अपने वर्ग की सबसे बड़ी प्रजाति है। 
  • दुनिया भर में इस वर्ग की तकरीबन 90 प्रजातियाँ पाई जाती हैं।
  • इस पहाड़ी क्षेत्र में पाई जाने वाली गेको की यह दूसरी स्थानिक प्रजाति है।
  • इस क्षेत्र में पाई जाने वाली अन्य स्थानीय प्रजातियों में यह तीसरी कशेरुक प्रजाति है। अन्य दो प्रजातियाँ जेपोर इंडियन गेको (Cyrtodactylus Jeyporensis) और जेजीनियोफिस ओरिएंटलिस (Caecilian Amphibian) हैं।
  • दत्ता की महेंद्रगिरि गेको की कुल लंबाई 225 मिमी. होती है। इसकी पूँछ की लंबाई इसकी समस्त लंबाई की आधी होती है। 
  • यह एक रात्रिचर प्राणी है।
  • यह समुद्री स्तर से 250-1100 मीटर की ऊँचाई वाली चट्टानों, बड़े पेड़ों और कॉफी बागानों में पाई जाती है। 

दुनिया का पहला कृत्रिम बुद्धिमत्ता से युक्त राजनेता

वैज्ञानिकों ने दुनिया के पहले कृत्रिम बुद्धिमत्ता से युक्त राजनेता (artificial intelligence politician) का विकास किया है, जिसे सैम (SAM) कहा जा रहा है। 

  • सैम नामक यह आभासी राजनीतिज्ञ, न्यूजीलैंड के एक 49 वर्षीय उद्यमी निक गेरिट्सेन द्वारा बनाया गया है।
  • सैम स्थानीय मुद्दों जैसे आवास, शिक्षा और आव्रजन (migration) से संबंधित नीतियों के बारे में किसी व्यक्ति के प्रश्नों का जवाब दे सकता है।
  • सैम लगातार फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से लोगों को जवाब देना सीख रहा है।