Be Mains Ready

वर्तमान संदर्भ में निम्नलिखित उद्धरण का क्या अर्थ है?

"अभिवृत्ति की तुलना में अभिरुचि को प्रशिक्षित करना आसान है।"

06 Aug 2019 | सामान्य अध्ययन पेपर 4 | सैद्धांतिक प्रश्न

दृष्टिकोण / व्याख्या / उत्तर

हल करने का दृष्टिकोण

• संक्षेप में अभिरुचि और अभिवृत्ति का अंतर बताइए।

• उपयुक्त उदाहरण के साथ दिये हुए कथन की व्याख्या कीजिये।

• निष्कर्ष लिखिये।

परिचय

  • अभिरुचि एक निश्चित स्तर पर किसी विशेष प्रकार के कार्य को करने की क्षमताओं का एक घटक है जबकि अभिवृत्ति किसी विशेष स्थिति, व्यक्ति, वस्तु या किसी मुद्दे से संबंधित मनोवैज्ञानिक प्रतिक्रिया को संदर्भित करती है। अभिवृत्ति सकारात्मक होने के साथ-साथ नकारात्मक भी हो सकती है।
  • अभिरुचि व्यक्ति की प्रतिभा और क्षमता से संबंधित होती है जबकि अभिवृत्ति चरित्र या सद्गुण से संबंधित होती है।

स्वरूप/ढाँचा

  • अभिरुचि को प्रशिक्षण या क्षमता निर्माण के माध्यम से विकसित या परिवर्तित किया जा सकता है जबकि अभिवृत्ति अपेक्षाकृत स्थायी होती है। जब लोगों के पास सकारात्मक अभिवृत्ति होती है तो वे आत्म-प्रेरित और अनुकूलन-योग्य दोनों होते हैं, जो उन्हें नए कौशल सीखने के लिये और अधिक सक्षम बनाता है। सकारात्मक अभिवृत्ति और पर्याप्त प्रयास के साथ अधिकांश नए कौशल शीघ्रता से अर्जित किये जा सकते हैं।
  • अभिवृत्ति में सुधार से तात्पर्य व्यवहार में परिवर्तन से है जो अपने आप में एक जटिल कार्य है, क्योंकि सकारात्मक अभिवृत्ति के बिना किसी व्यक्ति के व्यवहार को परिवर्तित नहीं किया जा सकता।
  • वर्तमान समय में हम लगातार चुनौतियों व कठिन समय का सामना कर रहे हैं और इन क्षणों में ही दृढ़ संकल्प, समर्पण और अनुकूलन जैसी चीजें निकलकर सामने आती हैं। सही कौशल होने पर भी उनका उपयोग करने की इच्छाशक्ति का अभाव हमें चुनौतियों से उबरने और सफलता प्राप्त करने में सहायता नहीं प्रदान कर सकता।
  • एक लोक सेवक को लोगों की सेवा करने के लिये सकारात्मक अभिवृत्ति की आवश्यकता होती है। सेवा करने की इच्छा के बिना, अत्यधिक कुशल और प्रतिभाशाली पेशेवर लोग भी लोगों की सेवा के प्रति अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन नहीं कर पाएंगे।

कुछ लोकसेवकों ने सार्वजनिक सेवा के प्रति अपनी सकारात्मक अभिवृत्ति के साथ अभिनव पहल की हैं। उदाहरण के लिये,

  • हाल ही में, एक IAS अधिकारी ने केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिये राहत सामग्री एकत्र करने में स्वेच्छा से सहायता की। अधिकारी के पास लोगों के बीच पहुँचने और उनकी मदद करने के लिये एक सकारात्मक अभिवृत्ति थी
  • बांका, बिहार के जिला कलेक्टर ने उन्नयन बांका कार्यक्रम शुरू किया है, जो एक इंटरैक्टिव ऑनलाइन-ऑफलाइन विधि है तथा इसने अत्याधुनिक तकनीक जैसे ए.आई. और बिग डेटा एनालिटिक्स का उपयोग करके शिक्षा को मज़बूत बनाने का किया है। इस बेहतरीन परियोजना की सफलता से प्रभावित होकर केंद्र सरकार ने इसे भारत के 5,000 ग्रामीण विद्यालयों में लागू किया है। इस अविश्वसनीय पहल ने द्विवार्षिक राष्ट्रमंडल CAPAM सम्मेलन में सिंगापुर को पीछे छोड़ते हुए अंतर्राष्ट्रीय नवाचार पुरस्कार 2018 जीतने में सफलता हासिल की।

निष्कर्ष

कौशल विकास और क्षमता निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने के उपायों के माध्यम से अभिरुचि को परिवर्द्धित किया जा सकता है, लेकिन सकारात्मक अभिवृत्ति को अपनाने के लिये नैतिक प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है जो एक धीमी प्रक्रिया है। सकारात्मक अभिवृत्ति को विकसित करने हेतु व्यक्ति को निरंतर प्रेरणा और समर्पण की आवश्यकता होती है।