Be Mains Ready

QUAD से भारत का जुड़ाव उसकी उभरती बहु-ध्रुवीय विदेश नीति का प्रतिबिंब है। टिप्पणी कीजिये। (250 शब्द)

20 Jul 2019 | सामान्य अध्ययन पेपर 2 | अंतर्राष्ट्रीय संबंध

दृष्टिकोण / व्याख्या / उत्तर

हल करने का दृष्टिकोण

• भारत की विदेश नीति के मुख्य लक्ष्यों और क्वाड (QUAD) की उत्पत्ति का विवरण दीजिये। 

• भारत की बहु-ध्रुवीय विदेश नीति के प्रतिबिंब के रूप में क्वाड (QUAD) के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालिये।

• निष्कर्ष लिखिये।

परिचय

  • क्वाड (QUAD) भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान का एक समूह है जो वर्ष 2007 में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन को प्रतिसंतुलित करने के लिये एक रणनीतिक वार्ता के रूप में शुरू हुआ।
  • भारत भौगोलिक रूप से चीन व पाकिस्तान जैसे परमाणु शक्ति संपन्न देशों से घिरा हुआ है। इसके अलावा चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) जिसमें उपनिवेशवाद को मज़बूत बनाने वाले जनादेश निहित हैं। इससे स्पष्ट है कि भारत को रणनीतिक संतुलन पर ध्यान देना चाहिये। ये दोनों कारक और भू-राजनैतिक आयाम क्वाड संवाद हेतु मार्ग प्रशस्त करते हैं।

स्वरूप/ढाँचा

भारत की बहु-ध्रुवीय विदेश नीति के प्रतिबिंब के रूप में क्वाड (QUAD):

  • हालाँकि भारत क्वाड का हिस्सा है लेकिन यह चीन के विरुद्ध कोई औपचारिक गठबंधन या कोई सुरक्षा ढाँचा नहीं है। इसके अलावा वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में कोई भी गठबंधन जटिल परस्पर निर्भरता के आधार पर संभव नहीं हो सकता है।
  • लेकिन QUAD की सदस्यता भारत की बहु-ध्रुवीय विदेश नीति को सुदृढ़ करती है:
    • भारत शंघाई सहयोग संगठन (SCO), ब्रिक्स जैसे बहुत-से संगठनों का सदस्य है। इन संगठनों के अन्य सदस्य रणनीतिक रूप से अमेरिका के प्रतिस्पर्द्धी देश है जबकि उपरोक्त संगठनों का सक्रिय सदस्य होते हुए भी भारत ने अपनी सामरिक स्वायत्ता को बनाए रखा है जो कि बहु-ध्रुवीय विश्व का आधार स्तंभ है। 
    • दक्षिण चीन सागर पर चीन के दावे ने नौपरिवहन की स्वतंत्रता को बाधित किया है। भारत ने क्वाड के माध्यम से चीन की बढ़ती शक्ति और दावे को प्रतिसंतुलित करने के लिये नियम आधारित वैश्विक व्यवस्था की स्थापना को पुष्ट किया है।
    • क्वाड पहल दुनिया में चार सबसे बड़े और शक्तिशाली लोकतंत्रों का समूह है जो लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण, नियम आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को महत्त्व देता है। 
    • क्वाड में भारत की सदस्यता को इसके अपने पडोसी देशों को प्रतिसंतुलित करने के प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिये।

निष्कर्ष

भारत कई अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से अपनी विदेश नीति के लक्ष्यों को बढ़ावा देना चाहता है। क्वाड इसी प्रकार का एक समूह है जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उभरती चुनौतियों का सामना करने में सहायक है।